
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भोपाल शाखा कार्यालय ने मेसर्स टचवेयर टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड को 13 जुलाई को सुरक्षा उपकरणों के लिए इलेक्ट्रॉनिक लॉक — विशिष्ट (IS 19461:2025) के लिए भारत का प्रथम बीआईएस प्रमाणन लाइसेंस प्रदान कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
यह प्रमाणन बीआईएस की प्रमाणन प्रक्रिया के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत प्रदान किया गया, जिसमें विनिर्माण इकाई का मूल्यांकन, फैक्ट्री गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली का आकलन तथा उत्पाद के नमूनों का स्वतंत्र परीक्षण कर IS 19461:2025 की आवश्यकताओं के अनुरूपता का सत्यापन किया गया। यह भारतीय मानक सुरक्षा उपकरणों में उपयोग किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक लॉक, जिनका उपयोग मुद्रा, बहुमूल्य धातुओं एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों के सुरक्षित भंडारण अथवा परिसरों की सुरक्षा हेतु प्रवेश नियंत्रण प्रणाली के रूप में किया जाता है, के लिए विशेषताओं, विनिर्देशों तथा अलार्म अधिसूचना संबंधी आवश्यकताओं को निर्दिष्ट करता है। साथ ही, यह मानक इलेक्ट्रॉनिक लॉक के लिए न्यूनतम आवश्यकताओं को निर्धारित करता है, जिससे उपयोगकर्ताओं को पर्याप्त स्तर की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
IS 19461:2025 के अंतर्गत प्रथम लाइसेंस प्रदान किया जाना इस नवीन भारतीय मानक के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह भारतीय निर्माताओं की भारतीय मानकों को अपनाने तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादों के निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे देश की गुणवत्ता प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।
प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय ने निर्माता को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करते हुए बीआईएस अनुरूपता मूल्यांकन योजना के अंतर्गत प्रमाणन प्रक्रिया को सुगम बनाया। उत्पाद मूल्यांकन, फैक्ट्री आकलन, परीक्षण तथा अनुरूपता सत्यापन की सफलतापूर्वक पूर्णता के उपरांत इस मानक के अंतर्गत देश का प्रथम लाइसेंस प्रदान किया गया।
इस अवसर पर श्री मोहम्मद रिज़वान, वैज्ञानिक-ई/ निदेशक एवं प्रमुख, बीआईएस भोपाल शाखा कार्यालय ने मेसर्स टचवेयर टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि IS 19461:2025 के अंतर्गत देश का प्रथम लाइसेंस जारी किया जाना भारतीय उद्योग की गुणवत्ता, मानकीकरण एवं उपभोक्ता विश्वास के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने यह भी कहा कि बीआईएस भारतीय मानकों को अपनाने हेतु निर्माताओं को निरंतर सहयोग प्रदान करने तथा समयबद्ध प्रमाणन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि भारतीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता-सुनिश्चित उत्पाद उपभोक्ताओं तक पहुँच सकें।
भारतीय मानक ब्यूरो, जो कि उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन भारत का राष्ट्रीय मानक निकाय है, मानकीकरण, प्रमाणन, परीक्षण तथा उपभोक्ता जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से देश की गुणवत्ता प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्यरत है। बीआईएस सभी निर्माताओं से अपील करता है कि वे लागू भारतीय मानकों के अंतर्गत बीआईएस प्रमाणन प्राप्त करें तथा उपभोक्ताओं से अनुरोध करता है कि वे ऐसे उत्पाद खरीदते समय आईएसआई (ISI) मार्क अवश्य देखें, जो यह दर्शाता है कि संबंधित उत्पाद बीआईएस प्रमाणन योजना के अंतर्गत लागू भारतीय मानक के अनुरूप है।
(Release ID: 2286925) Visitor Counter : 15