IND vs PAK: पाकिस्तान के बहिष्कार के फैसले से खफा शाहिद अफरीदी? आईसीसी को दी चुनौती; कहा- ऐसा फैसला लो...

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Mayank Tripathi Updated Mon, 02 Feb 2026 08:25 PM IST

टी20 विश्व कप 2026 से पहले विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। इस मामले पर क्रिकेट जगत के तमाम दिग्गज प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने भी टिप्पणी की है। आइये जानते हैं उन्होंने क्या कहा...

पाकिस्तान सरकार ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम को अनुमति दे दी है। हालांकि, उन्होंने इस बात का भी एलान किया है कि उनकी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगी। शहबाज शरीफ की सरकार के इस फैसले पर अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच नहीं होने से दुखी हैं।
अफरीदी ने जताया भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होने पर दुख
पाकिस्तान टी20 विश्व कप में ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका  के साथ शामिल है। वह अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा, जो इस टूर्नामेंट का भारत के साथ सह-मेजबान है। सोमवार को पाकिस्तान टीम सलमान अली आगा के नेतृत्व में कोलंबो के लिए रवाना हो गई। इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा की। अफरीदी ने इस मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुझे हमेशा से विश्वास रहा है कि जब राजनीति दरवाजे बंद करती है, तो क्रिकेट उन्हें खोल सकता है। यह दुख की बात है कि पाकिस्तान टी20 विश्व कप में भारत के साथ नहीं खेलेगा, लेकिन मैं अपनी सरकार के फैसले के साथ हूं।'
इस ट्वीट में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को भी चुनौती दी। उन्होंने आगे लिखा, 'यह आईसीसी के लिए लीड करने और बयानों से नहीं, बल्कि फैसलों से यह साबित करने का समय है कि वह निष्पक्ष, स्वतंत्र और हर सदस्य के लिए न्यायपूर्ण है।' माना जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार ने यह फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया है।
कहां से हुई विवाद की शुरुआत?
  • दरअसल, बांग्लादेश ने मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से बाहर किए जाने के बाद गतिरोध पैदा करने की कोशिश की थी।
  • उसने टी20 विश्व कप के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया था और आईसीसी के सामने उसके मुकाबले श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की थी।
  • इस दौरान उसने आईसीसी को उसका ग्रुप भी बदलने का विकल्प दिया था।
  • बांग्लादेश ने अपनी इन मांगों के पीछे तर्क दिया था कि उसके खिलाड़ियों को भारत में सुरक्षा का खतरा है।
  • हालांकि, आईसीसी भारत में सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट था और उसे इनमें कोई खामी नजर नहीं आई।
  • इसके नतीजतन बांग्लादेश की मांगों को बहुमत के आधार पर खारिज कर दिया गया और उसे 24 घंटे में फैसला लेने के लिए कहा गया।
  • हालांकि, बांग्लादेश अपने अड़ियल रवैये पर अड़ा रहा और उसने खुद विश्व कप से हटने का फैसला किया।
  • इसके बाद पाकिस्तान ने आईसीसी पर पक्षपात का आरोप लगाया। अब उसी के समर्थन में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेले जाने वाले ग्रुप चरण के मैच के बहिष्कार का फैसला लिया है।
विश्व कप नहीं खेलने की धमकी पर पाकिस्तान ने लिया यू-टर्न
  • पाकिस्तान ने पहले अप्रत्यक्ष रूप से टी20 विश्व कप नहीं खेलने की धमकी दी थी।
  • हालांकि, उसने इस मामले पर यू-टर्न लेते हुए टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का फैसला किया।
  • पाकिस्तान अपनी अकड़ से बाज नहीं आया और उसने फैसला लिया कि वह टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ होने वाले मैच नहीं खेलेगा।
  • पाकिस्तान सरकार ने 'एक्स' पर लिखा, 'पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।' बयान में इस फैसले की कोई वजह नहीं बताई गई।
  • इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी और उन्हें बांग्लादेश विवाद की पूरी जानकारी दी थी।
पीसीबी को भारी पड़ेगी जिद!
माना जा रहा है कि पीसीबी को उसके इस फैसले का अंजाम भी भुगतना पड़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मामले में हस्तक्षेप किया है और उसे पीसीबी से आधिकारिक सूचना मिलने का इंतजार है। अगर पाकिस्तान इस रवैये पर अडिग रहा तो उसके भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। 
पाकिस्तान पर क्या कड़े फैसले ले सकता है आईसीसी?
  • पाकिस्तान बहिष्कार की नौटंकी कर रहा है, लेकिन उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
  • आईसीसी ने पाकिस्तान सरकार के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि इस बहिष्कार के परिणामस्वरूप दंडात्मक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
  • इस बात की संभावना है कि पाकिस्तान के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के अंक काटे जाएंगे।
  • पाकिस्तान को आईसीसी रैकिंग में भी नुकसान उठाना पड़ेगा। इतना नहीं आईसीसी से मिलने वाले राजस्व पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
  • आईसीसी सदस्य देशों की शीर्ष टीमें पाकिस्तान की यात्रा करने से इनकार कर सकेंगी।
  • पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में अन्य टीमों के खिलाड़ियों के हिस्सा लेने पर भी रोक लगना संभव है।

Leave Comments

Top