US: 'भारत को डराइए मत, हम ट्रंप के हटने का करेंगे इंतजार', जब डोभाल ने अमेरिकी विदेश मंत्री को सुनाई खरी-खरी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Wed, 04 Feb 2026 11:04 PM IST

टैरिफ को लेकर भारत और अमेरिका के बीच सहमति बन गई है, लेकिन बीते साल सितंबर में इस मुद्दे पर भारतीय एनएसए अजीत डोभाल ने अमेरिकी विदेश मंत्री को खूब बातें सुनाईं थी। डोभाल ने यहां तक कह दिया था कि भारत, धमकियों से नहीं डरने वाला।

विस्तार

भारत अमेरिका के बीच टैरिफ तनाव अब लगभग खत्म हो गया है। हालांकि ऐसा भी वक्त था, जब इसे लेकर दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अपने अमेरिका दौरे पर अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो को खरी-खरी सुना दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजीत डोभाल ने रुबियो से कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों से भारत डरने वाला नहीं है। डोभाल ने ये भी कहा कि अगर ट्रंप टैरिफ विवाद पर नहीं मानते हैं तो हम ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने का इंतजार करेंगे।
                                                          डोभाल ने ट्रंप प्रशासन की आलोचनाओं पर जताई थी नाराजगी
  • रिपोर्ट्स के अनुसार, अजीत डोभाल ने अमेरिकी विदेश मंत्री से ये भी कहा कि अमेरिकी प्रशासन को सार्वजनिक आलोचना से बचना चाहिए ताकि दोनों देशों के रिश्तों को फिर से ट्रैक पर लाया जा सके।
  • दोनों की मुलाकात बीते साल सितंबर में हुई थी। इस मुलाकात से पहले ही पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की थी।
  • अजीत डोभाल और मार्को रुबियो की बैठक के कई महीने बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते का एलान किया है और भारत पर लगाए गए टैरिफ को भी कम किया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर भारत पर लगे टैरिफ को घटाने का एलान किया था। ट्रंप ने ये भी बताया कि भारत अब रूस से तेल खरीद को कम करेगा। इस पर पीएम मोदी ने एक पोस्ट में ट्रंप को धन्यवाद दिया और कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं साथ मिलकर काम करती हैं तो इसका फायदा दोनों देशों के लोगों को मिलेगा।

 


Leave Comments

Top