भोपाल में सोमवार से फ्री सफर, 15 अगस्त तक यात्री कर सकेंगे निशुल्क यात्रा, 2 प्रमुख रूटों पर चलेंगी 10 ई-बसें

 भोपाल। सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए शहर की नई इलेक्ट्रिक बसों का निशुल्क यात्री ट्रायल सोमवार से शुरू होगा। ट्रायल अवधि के दौरान यात्री बिना किसी किराए के ई-बसों में सफर कर सकेंगे। इस दौरान दो रूटों पर 10 बसें संचालित की जाएंगी।

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू की जा रही

सफल परीक्षण के बाद अब यात्रियों के साथ ट्रायल शुरू किया जा रहा है। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत शुरू की जा रही है। योजना के अंतर्गत भोपाल को कुल 245 ई-बसें मिलनी हैं। वर्ष 2026 के अंत तक भोपाल में 10 रूटों पर कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 21 बसें शहर पहुंच चुकी हैं। इनके चार्जिंग और पार्किंग के लिए संत हिरदाराम नगर में अत्याधुनिक ई-बस डिपो विकसित किया गया है।

बोर्ड ऑफिस चौराहा बना केंद्रीय हब

भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) के अनुसार, बोर्ड ऑफिस चौराहा ई-बस नेटवर्क का केंद्रीय हब बन गया है। सोमवार से 10 ई-बसें एक साथ शहर के दो प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। इनमें बसें बैरागढ़ डिपो से शुरू होकर लालघाटी, पीरगेट, मोती मस्जिद, कमला पार्क, न्यू मार्केट से बोर्ड ऑफिस चौराहा पहुंचेंगी।

यहां पांच बसें रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से बिट्टन मार्केट, शाहपुरा होते हुए कोलार की ओर जाएंगी। वहीं, पांच बसें बोर्ड ऑफिस से चेतक ब्रिज, सुभाष नगर, प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन होते हुए कोच फैक्ट्री तक जाएंगी और इन्हीं रास्तों से वापस लौटेंगी।

 एआई तकनीक और सुरक्षा सुविधाओं से लैस

एयर कंडीशनर ई-बसों में डिजिटल टिकटिंग और मोबाइल ऐप आधारित पास की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में पांच सीसीटीवी कैमरे, दोनों दरवाजों पर एआई आधारित पैसेंजर काउंटिंग सिस्टम, पैनिक बटन, इमरजेंसी बटन, स्टॉप बटन, हर खिड़की पर इमरजेंसी हैमर, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और एलईडी पैसेंजर सूचना डिस्प्ले लगाए गए हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक बस में ऑटोमैटिक हाइड्रोलिक व्हीलचेयर लिफ्ट भी उपलब्ध कराई गई है।


Leave Comments

Top