MP News: भोपाल में राजा भोज नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप शुरू, 12 राज्यों के सेलर शामिल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: दिनेश शर्मा Updated Tue, 11 Aug 2026 07:57 PM IST

भोपाल के बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब में छह दिवसीय राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप-2026 शुरू हुई। प्रतियोगिता में 12 राज्यों के करीब 100 सेलर हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ियों की राष्ट्रीय रैंकिंग तय होगी। आयोजन में YAI, SAI और मध्य प्रदेश याटिंग एसोसिएशन सहयोग कर रहे हैं।

 

MP News: Raja Bhoj National Sailing Championship begins in Bhopal, sailors from 12 states participate

भोपाल के तालाब में छह दिनों तक दिखेगा रोमांच - फोटो : अमर उजाल
राजधानी के बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब में मंगलवार से राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप (रैंकिंग)-2026 का आगाज हुआ। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने छह दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। 11 से 16 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस स्पर्धा में देश के 12 राज्यों से आए करीब 100 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेलर भाग ले रहे हैं।

राष्ट्रीय रैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय चयन
इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी राष्ट्रीय रैंकिंग तय होगी, जो आगे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। छह दिनों तक चलने वाली इस स्पर्धा में खिलाड़ियों के संतुलन, रफ्तार, तकनीकी कौशल और रणनीतिक क्षमता की कड़ी परीक्षा होगी। प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने के लिए याचिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YAI) की ओर से 12 ज्यूरी सदस्य और वरिष्ठ पदाधिकारी भोपाल पहुंचे हैं। इसके साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अधिकारी और मध्य प्रदेश याटिंग एसोसिएशन भी इस आयोजन के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

MP News: Raja Bhoj National Sailing Championship begins in Bhopal, sailors from 12 states participate

भोपाल के तालाब में छह दिनों तक दिखेगा रोमांच - फोटो : अमर उजाला
जल क्रीड़ा अकादमी और उपलब्धियां
मंत्री सारंग ने बताया कि भोपाल की झीलें सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग और केनोइंग जैसे खेलों के लिए बहुत अनुकूल हैं। वर्ष 2007 से संचालित मध्य प्रदेश राज्य जल क्रीड़ा अकादमी में सेलिंग, रोइंग, कयाकिंग, केनोइंग और स्लालम की अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। इस अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक 37 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर 28 अंतरराष्ट्रीय और 69 राष्ट्रीय पदक अपने नाम किए हैं। वर्ष 2025 में आयोजित राजा भोज मल्टीक्लास सेलिंग चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल 16 पदक जीते थे

MP News: Raja Bhoj National Sailing Championship begins in Bhopal, sailors from 12 states participate

भोपाल के तालाब में छह दिनों तक दिखेगा रोमांच - फोटो : अमर उजाला
1,000 करोड़ रुपये का खेल परिसर
राज्य में वाटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए खेल विभाग विदेशी प्रशिक्षकों की सेवाएं ले रहा है। यह प्रशिक्षण खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस और मानसिक मजबूती को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध हो रहा है। भोपाल में करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर विकसित किया जा रहा है, जिसके पहले चरण का लोकार्पण जल्द होगा। आगामी नवंबर महीने में इस परिसर में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी एशियन चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी, जबकि भोपाल अंतरराष्ट्रीय एशियन रोइंग चैंपियनशिप की मेजबानी भी करेगा। प्रतियोगिता का समापन 16 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा।

Leave Comments

Top