दिग्विजय की सनातन स्वाभिमान यात्रा 20 अक्टूबर से

राम भक्तों से यात्रा में शामिल होने की अपील, जारी किया गूगल फार्म
भोपाल।  पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सनातन और भगवान राम के मुद्दे पर बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए आगामी 20 अक्टूबर से उज्जैन से अयोध्या तक ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ निकालने की घोषणा की है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद (विहिप), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा पर राम मंदिर निर्माण के नाम पर एकत्र किए गए चंदे के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि रामशिला पूजन अभियान के दौरान उन्होंने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की थी। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर निर्माण के लिए जनता से एकत्र किए गए चंदे का समुचित हिसाब सार्वजनिक नहीं किया गया और चंदे का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हुआ है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित संगठनों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पूर्व मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का उद्देश्य चंदे के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाने के साथ ही सनातन के वास्तविक स्वरूप को जनता के सामने रखना है। उन्होंने कहा कि यात्रा उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या तक जाएगी।
ऑनलाइन पंजीयन कर जुड़ सकते हैं यात्रा से
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा देने वाले रामभक्तों और आम नागरिकों से यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। यात्रा में सहभागिता के लिए उन्होंने विशेष क्यूआर कोड और गूगल आवेदन फॉर्म भी जारी किया है। इसके माध्यम से इच्छुक लोग ऑनलाइन पंजीयन कर यात्रा से जुड़ सकते हैं।


Leave Comments

Top