31 घंटे का उपवास आज से, राज्यपाल से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल’
भोपाल। राजधानी भोपाल के लंबे समय से लंबित मास्टर प्लान को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जन-आंदोलन का ऐलान किया है। पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीसी शर्मा भोपाल के नए मास्टर प्लान को अविलंब लागू करने की मांग को लेकर कल 11 सितंबर सुबह 10 बजे से 31 घंटे के लंबे उपवास पर बैठेंगे।
पीसी शर्मा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राजधानी पिछले 31 वर्षों से नए मास्टर प्लान की राह देख रही है। उन्होंने दावा किया कि कमलनाथ सरकार के समय ही वर्ष 2021 तक का ड्राफ्ट बिल्डर्स, व्यापारियों और टाउन प्लानर्स के सुझावों के साथ तैयार कर लिया गया था, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार पिछले छह सालों में इसे अंतिम रूप देने में नाकाम रही है। इस 31 घंटे के उपवास में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। पार्टी ने इसे सिर्फ राजनीतिक मुद्दा न बनाकर जन-आंदोलन का रूप देने के लिए रहवासी निकायों, व्यापारी संघों और नगर नियोजन विशेषज्ञों से सुझाव मांगे हैं। आगामी 11 सितंबर को कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर इस विषय में हस्तक्षेप की मांग करेगा।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
भोपाल के नए मास्टर प्लान को तत्काल अंतिम रूप देकर जारी किया जाए, वर्ष 2021 में तैयार ड्राफ्ट की वर्तमान स्थिति पर सरकार अपना रुख स्पष्ट करे, शहर के सुनियोजित विकास के लिए स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और विशेषज्ञों के सुझावों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।