घर-घर दीप प्रज्ज्वलन से लेकर जन सेवक महाकुंभ की तैयारी
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन सेवा के सफर के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश सरकार राज्यभर में सेवा संकल्प अभियान 25 की शुरुआत करने जा रही है। 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महीनेभर के अभियान को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन स्तर पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश के सभी 55 जिलों में वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों को नोडल ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों और जिला कलेक्टरों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे एक माह की कार्ययोजना गुरुवार और शुक्रवार के भीतर अनिवार्य रूप से तैयार कर ली जाए। 17 सितंबर को अभियान के पहले दिन सभी नामांकित नोडल अधिकारी पूरे दिन अपने प्रभार वाले जिले में मौजूद रहेंगे। अधिकारी इस दिन आयोजित होने वाले आशीर्वाद का दीया और घर-घर दीप प्रज्ज्वलन जैसे प्रमुख कार्यक्रमों में व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे।
मनीष सिंह को सौंपी ंिछंदवाड़ा जिले की जिम्मेदारी
प्रशासन ने वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभव का लाभ उठाने के लिए जिलावार प्रभार तय किए हैं। जबलपुर में मनु श्रीवास्तव, छिंदवाड़ा में मनीष सिंह, बालाघाट में सुखवीर सिंह, मंडला में गुलशन बामरा, सिवनी में निशांत बरबड़े, कटनी में संजीव सिंह, पांढुर्णा में मदन विभीषण नागरगोजे और बैतूल में हरजिंदर सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
मार्गदर्शन व मॉनिटरिंग करेंगे आईएएस
प्रतिदिन की गतिविधियों और कार्यक्रमों की माइक्रोप्लैनिंग में जिला कलेक्टर को तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग देना। अभियानों के नियमित आकलन और प्रभावशीलता के लिए एक पारदर्शी मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करना। जिले के प्रभारी मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर संवाद कायम कर रणनीति तैयार करना।