डब्ल्यूपीएल 2027: बीसीसीआई ने पांचवें सत्र का किया एलान, जनवरी में होगा टूर्नामेंट; 28 अक्तूबर को होगी नीलामी

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Wed, 16 Sep 2026 05:37 PM IST

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने महिला प्रीमियर लीग 2027 सीजन के तारीखों का एलान कर दिया है। बीसीसीआई ने बताया कि डब्ल्यूपीएल का पांचवां संस्करण 14 जनवरी से शुरू होगा।

Women's Premier League fifth edition to be staged from January 2027 BCCI announced know auction details

डब्ल्यूपीएल - फोटो : WP

विस्तार

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को बताया कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का पांचवां सत्र 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा और इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्तूबर को कोच्चि में होगी। बीसीसीआई ने हालांकि अभी डब्ल्यूपीएल के आयोजन के लिए मेजबान शहरों के नामों का खुलासा नहीं किया है।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी टी20 लीग के रूप में डब्ल्यूपीएल ने इस खेल के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। यह लीग भारत और दुनिया भर की शीर्ष खिलाड़ियों को एक साथ लाने के साथ उभरती प्रतिभाओं को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने के अवसर भी प्रदान करती है।
रिटेन करने की अंतिम तिथि 28 सितंबर
खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर तय की गई है। बीसीसीआई ने कहा कि पांचों फ्रेंचाइजी को अपने मौजूदा दल के खिलाड़ियों को बरकरार रखने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे आगामी सत्र के लिए अपने टीम संयोजन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू करेंगी। 2026 में स्मृति मंधाना की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपना दूसरा डब्ल्यूपीएल खिताब जीता था। इसके मुकाबले नवी मुंबई और बड़ौदा में आयोजित हुए थे। डब्ल्यूपीएल का पहला संस्करण 2023 में खेला गया था। अब तक मुंबई इंडियंस और आरसीबी ने दो-दो बार खिताब अपने नाम किए हैं।
पांच टीमें लेती हैं हिस्सा 
इस लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के रूप में पांच फ्रेंचाइजी हिस्सा लेती हैं। रिटेंशन विंडो खास तौर पर अहम होगी क्योंकि फ्रेंचाइजी नीलामी से पहले अपनी टीमों का आकलन करेंगी। पांचों टीमों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड विकल्पों में संतुलित संयोजन बनाना होगा, इसलिए सितंबर में लिए गए फैसले कोच्चि में एक महीने बाद उनकी रणनीति तय करेंगे। डब्ल्यूपीएल के पिछले कुछ सीजन शानदार रहे हैं, जहां सिर्फ अनुभवी और विदेशी खिलाड़ियों ने ही अपनी छाप नहीं छोड़ी है, बल्कि भारत की युवा प्लेयर्स ने भी दमदार प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोरी हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने अपनी गेंदबाजी से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उन्होंने 10 मुकाबलों में कुल 17 विकेट निकाले थे और टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम किरदार निभाया था। डब्ल्यूपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बूते उन्हें भारतीय टीम में भी शामिल किया गया और वह महिला एशिया कप 2026 में भी छाप छोड़ने में सफल रहीं। श्री चरणी ने भी अपनी घूमती गेंदों से खूब वाहवाही लूटी थी। ऐसे में डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए होने वाली नीलामी में अनुभवी प्लेयर्स के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों पर हर फ्रेंचाइजी की निगाहें होंगी।

Leave Comments

Top