केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ एवं ‘पीएम ई-बस सेवा’ के अंतर्गत सार्वजनिक यात्री बस सेवाओं के संचालन का शुभारंभ किया। बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । 7 शहरों की 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों रवाना किया गया इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बस में सफर भी किया। नई परिवहन सेवाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन में आधुनिक तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश सरकार को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सेवाएं आमजन, विशेषकर कम आय वर्ग के लोगों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती आवागमन का बेहतर माध्यम बनेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी सेवाओं से नागरिकों का जीवन और सुगम होगा तथा आवागमन से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी।
श्री गडकरी ने बताया कि मध्यप्रदेश में पीएम ई-बस सेवा के तहत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर 10 हजार बसों के संचालन की योजना है। लगभग 57 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना में केंद्र सरकार का योगदान लगभग 20 हजार करोड़ रुपये रहेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के साथ लगभग 45 हजार से 55 हजार रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शुरू की गई यह पहल मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन की दिशा में एक कदम है।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी समीक्षा
इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं संबंधित अधिकारियों के साथ मध्यप्रदेश में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।***
MG/PD/CY