मध्यप्रदेश: भाजपाअध्यक्ष खंडेलवाल बोले-राहुल बालाघाट में सवाल पूछने आए तो बताएं नक्सवाद किसके शासन में पनपा

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Anand Pawar Updated Thu, 01 Oct 2026 07:20 PM IST

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के पुराने शासनकाल और नक्सलवाद के मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि राहुल मौजूदा समस्याओं पर सवाल करें, लेकिन कांग्रेस के कार्यकाल का हिसाब भी दें।

विस्तार

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री बिप्लब कुमार देब ने कहा कि राहुल गांधी का बालाघाट में स्वागत है, लेकिन उन्हें आदिवासी अंचल की मौजूदा समस्याओं पर सवाल उठाने के साथ कांग्रेस के लंबे शासनकाल का हिसाब भी जनता को देना चाहिए। भाजपा नेताओं ने खास तौर पर नक्सलवाद, आदिवासी विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस से जवाब मांगा। खण्डेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि बालाघाट में नक्सलवाद किसके शासनकाल में पनपा। उन्होंने कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता लिखीराम कांवरे की नक्सलियों द्वारा हत्या का जिक्र करते हुए सवाल किया कि कांग्रेस इस घटना की जिम्मेदारी से कैसे बच सकती है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या राहुल गांधी कभी लिखीराम कांवरे के परिवार के साथ बैठे और उनकी पीड़ा समझने का प्रयास किया। 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद से निपटने के लिए क्या ठोस और प्रभावी कदम उठाए गए, राहुल गांधी को इसका जवाब बालाघाट की जनता के सामने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से बालाघाट में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। इसके साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में स्कूल, सड़क, स्वास्थ्य और दूसरी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का काम भी हो रहा है 
भाजपा का कार्यकर्ता हर समय जनता के बीच रहता है 
देब ने राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर कहा कि उन्हें भाजपा से सवाल पूछने के साथ यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में आदिवासी क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और विकास के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा दिखावे की राजनीति के बजाय लगातार जनसेवा में विश्वास करती है और उसका कार्यकर्ता चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच रहता है।

Leave Comments

Top