हिरासत से रिहा हुए राहुल: पहले मार्च, फिर 8 घंटे का धरना; सुबह से लेकर रात तक प्रदर्शन में क्या-क्या हुआ?

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Wed, 07 Oct 2026 08:08 PM IST
 
खास बातें

कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को राजधानी में विपक्षी सांसदों के साथ दोपहर 1 बजे लंच बैठक की। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई सांसद मौजूद रहे। यह बैठक छह अक्तूबर को चुनाव आयोग की ओर निकाले गए विपक्षी मार्च और प्रदर्शन के अगले दिन हुई। जंतर-मंतर के पास से राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया है। इस घटना से जुड़ी जानकारी के लिए पढ़ें अमर उजाला की यह लाइव अपडेट्स...

India Alliance Protest Live Updates Opposition Leaders Rahul Gandhi Jantar Mantar ECI Gyanesh Kumar Modi Govt

जंतर-मंतर पर इंडिया गुट का धरना - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
 

लाइव अपडेट

07:48 PM, 07-Oct-2026

पुलिस हिरासत से रिहा किए गए राहुल गांधी

राहुल गांधी को बाराखंभा रोड पुलिस स्टेशन से रिहा किया गया। राहुल गांधी के समर्थन में टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन समेत कई सांसद और तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाराखंभा पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। 
07:04 PM, 07-Oct-2026

राहुल गांधी को ले जा रही दिल्ली पुलिस की बस को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पंचर

राहुल गांधी को हिरासत में लेकर जा रही दिल्ली पुलिस की बस को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन का बावली के पास पंचर कर दिया। इस मामले का वीडियो भी सामने आया है।
 
06:22 PM, 07-Oct-2026

प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया

दिल्ली पुलिस के जवानों ने प्रियंका गांधी वाड्रा को जंतर-मंतर के पास उस जगह से हटा दिया, जहां इंडिया गठबंधन के सांसदों को प्रदर्शन स्थल की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया गया है। अब पुलिस ने सांसदों को हिरासत में ले लिया है।
06:20 PM, 07-Oct-2026

आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा बोले- लाठीचार्ज के जिम्मेदार हैं पीएम मोदी-शाह

इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के वक्त आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "उन्होंने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया। इसके लिए ज्ञानेश कुमार, अमित शाह और पीएम मोदी सभी जिम्मेदार हैं। हमने वर्षों से ऐसे दृश्य नहीं देखे थे। यह बर्बरता की हद है। आप सभी बेनकाब हो चुके हैं। आप सभी कायर हैं।"
05:53 PM, 07-Oct-2026

दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में लिया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इंडिया गुट के सांसदों को पुलिस ने जंतर-मंतर से पहले ही रोक लिया था। कई नेताओं और सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
05:49 PM, 07-Oct-2026

प्रियंका गांधी बोलीं- सांसदों को पीट रही है पुलिस

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "ये लोग चुनाव आयुक्त से मिलने की गुहार लगाने वाले सांसदों के साथ ऐसा बर्ताव करते हैं। ये हमारे साथ ऐसा बर्ताव करते हैं। वे सांसदों को पीट रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया है। उन्होंने हमें जमीन पर पटक दिया है। अब हम यहां से नहीं हटेंगे। चाहे वे अपने बल वापस बुला लें, मैं यहां से नहीं हटूंगी।"
05:45 PM, 07-Oct-2026

रेणुका चौधरी बोलीं- वे गुंडागर्दी का ले रहे सहारा

इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा, "वे (केंद्र सरकार) गुंडागर्दी का सहारा ले रहे हैं। हम डरेंगे नहीं। हम देश के युवाओं के लिए लड़ रहे हैं।"
05:43 PM, 07-Oct-2026

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का दावा- पुलिस कर रही मारपीट और लाठीचार्ज

एमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, "आप देख सकते हैं कि दिल्ली पुलिस शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ कितनी क्रूरता से पेश आ रही है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा। हमारी गलती क्या है? दिल्ली पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट और लाठीचार्ज क्यों किया जा रहा है? सांसदों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से क्यों रोका जा रहा है? आखिर यहां क्या हो रहा है?"
05:37 PM, 07-Oct-2026

पुलिस ने जंतर-मंतर जाने से रोका, सड़क पर लेटकर प्रियंका गांधी का धरना शुरू

इंडिया गठबंधन के सांसदों की बस से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ उतरते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "क्या यह कोई तरीका है? आप देख सकते हैं कि ये लोग क्या कर रहे हैं।" इंडिया गठबंधन के सांसदों का कहना है कि पुलिस ने उनकी बस को रोक दिया है और उन्हें जंतर-मंतर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं, प्रियंका गांधी ने सड़क पर लेटकर धरना शुरू कर दिया।

05:18 PM, 07-Oct-2026

जयराम रमेश ने बताया- खरगे की लंच बैठक में क्यों शामिल नहीं हुए समाजवादी पार्टी के सांसद?

इंडिया गुट के प्रदर्शन और लंच में समाजवादी पार्टी और कुछ अन्य दलों के सांसदों को आमंत्रित नहीं किए जाने के मुद्दे पर सवाल खड़े होने के बाद कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने इस पर सफाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, ''आज के लंच के लिए इंडिया गुट के सभी दलों को आमंत्रित किया गया था। लेकिन लंच का फैसला कल देर रात लिया गया और उसी समय इसकी जानकारी दी गई। इसलिए स्वाभाविक था कि कुछ दलों के प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हो सके। कुछ मीडिया संस्थानों में इसे लेकर बेवजह टिप्पणी की जा रही है। इंडिया गुट और अन्य विपक्षी दल वोट चोरी, एसआईआर और परिसीमन के खिलाफ एकजुट हैं और पूरी मजबूती से एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।''

Leave Comments

Top