किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को उन्नत बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने बोधगया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘बलराम कृषि महोत्सव’ का किया शुभारंभ
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शनिवार को बिहार के बोधगया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शाजापुर जिले में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधा संवाद कर कृषि क्षेत्र के विकास और अन्नदाताओं के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं व संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शाजापुर जिला कृषि, नवाचार और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। पारंपरिक फसलों जैसे प्याज, आलू और सोयाबीन के साथ-साथ यह जिला अब कृषि आधारित उद्योगों और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी अपनी प्रभावी पहचान बना रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में प्रस्तावित नई सड़क और एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से शाजापुर के विकास को और अधिक गति मिलेगी, जिससे किसानों और स्थानीय व्यापारियों की बाजारों तक पहुंच बेहद सुगम हो जाएगी।
कृषि को लाभकारी बनाने के लिए कई सौगातें
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के तहत राज्य सरकार कृषि को पूर्णतः लाभकारी व्यवसाय बनाने में जुटी हुई है। इसके लिए सिंचाई, बिजली, सोलर पंप, भंडारण, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों को प्राथमिकता से बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को नई सड़कों के निर्माण के लिए चार गुना मुआवजा देने, दिन के समय कृषि के लिए बिजली उपलब्ध कराने, सोलर पंपों को प्रोत्साहित करने तथा उनकी उपज के उचित मूल्य और सुरक्षित भंडारण की पुख्ता व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने का आह्वान
अन्नदाताओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने पारंपरिक खेती के दायरे से आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान भाई पारंपरिक खेती के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, पुष्प खेती (फूलों की खेती), मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण जैसी सहायक गतिविधियों को अपनाकर अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत तैयार कर सकते हैं।
गांव-गांव तक पहुंचेगी बस सेवा और मिलेंगी अन्य सुविधाएं
ग्रामीण विकास और जन-सुविधाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस योजना के तहत गांव-गांव तक बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, राज्य सरकार ग्रामीण परिवारों के आवासों की निःशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा देने और किसानों को सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराने के लिए भी तेजी से कार्य कर रही है।
नवाचारों को अपनाने का बड़ा माध्यम है महोत्सव
मुख्यमंत्री ने ‘बलराम कृषि महोत्सव’ को किसानों को कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से किसानों को नई जानकारियां मिलती हैं, वे उन्नत कृषि पद्धतियों को समझ पाते हैं और खेती में नवीन तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक होते हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने शाजापुर के किसानों और उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया


Leave Comments

Top