
personUpdesh Awasthee 10/23/2026 11:01:00 PM1 minute read
भोपाल, 10 अक्टूबर 2026: जिसको मामला पता ना हो वह वीडियो देखकर कहेगा कि, गरीब व्यक्ति पर अत्याचार किया जा रहा है लेकिन वीडियो में जो व्यक्ति गरीब दिखाई दे रहा है वह मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले की ग्राम पंचायत गणेशपुर का सरपंच अमर सिंह है। उसने पंचायत भवन निर्माण के लिए आवंटित किए गए 40 लाख रुपए निकाल लिए और भवन नहीं बनवाया। वीडियो में जो दिखाई दे रहा है वह अधूरा निर्मित पंचायत भवन है। कलेक्टर ने स्वयं निरीक्षण किया और ग्राम पंचायत के सचिव श्री भगवत प्रसाद यादव को सस्पेंड कर दिया एवं सरपंच को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
मामले की आधिकारिक जानकारी
डिंडोरी के जनसंपर्क अधिकारी द्वारा बताया गया कि, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आज विकासखंड डिंडौरी के ग्राम गणेशपुर में नवनिर्मित पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन निर्माण की राशि लगभग 40 लाख रुपए सरपंच, सचिव और पंचायत के द्वारा पूर्ण रूप से निकाल लिया गया है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव श्री भागवत प्रसाद यादव के विरुद्ध निलंबन करने तथा सरपंच श्री अमर सिंह पट्टा से राशि की वसूली एवं दंडात्मक कार्यवाही के करने को कहा।
आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र में एक भी बच्चा नहीं था
उपरोक्त के अलावा, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र नरिया सेंटर, नूनखान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में दर्ज 41 बच्चों में से कोई भी बच्चा उपस्थित नहीं मिला। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थीं, जबकि सहायिका के अनुसार वह पिछले 15 दिनों से केंद्र पर नहीं आ रही थीं। बच्चों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने कार्यकर्ता एवं सहायिका के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।