किसान आंदोलन के बाद MP में 12 IPS के तबादले, तीन जिलों के SP बदले, नर्मदापुरम, पन्ना और हरदा पुलिस अधीक्षकों पर कार्रवाई

भोपाल. मध्य प्रदेश में बुधवार देर रात गृह विभाग ने 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए. बैतूल, पन्ना, आलीराजपुर और हरदा समेत कई जिलों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. कुछ अधिकारियों को भोपाल और पुलिस मुख्यालय में नई पदस्थापना दी गई है. किसान आंदोलनों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हुई कार्रवाई के बीच पुलिस विभाग में इन बदलावों को अहम माना जा रहा है.

बैतूल के एसपी वीरेंद्र जैन को भोपाल में पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) बनाया गया है. नर्मदापुरम के एसपी साईकृष्ण एस. थोटा को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) पदस्थ किया गया है. उनकी जगह उज्जैन की 32वीं वाहिनी के कमांडेंट दीपक कुमार शुक्ला नर्मदापुरम के नए एसपी होंगे.

इंदौर में साइबर एसपी रहे सब्यसाची सराफ को पन्ना की कमान सौंपी गई है. हरदा के एसपी शशांक को भी पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा पुलिस मुख्यालय और विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों में पदस्थ अधिकारियों के दायित्वों में भी फेरबदल किया गया है.

किसान आंदोलन के बाद तीन जिलों में पुलिस अधीक्षकों पर कार्रवाई

नर्मदापुरम में किसान आंदोलन को नियंत्रित करने में नाकामी के बाद राज्य सरकार ने पहले कलेक्टर सोमेश मिश्रा को हटाया और फिर एसपी साईकृष्ण एस. थोटा का भी तबादला कर दिया. वहीं, केन-बेतवा परियोजना के विरोध में किसानों को समझाने में नाकाम रहने के बाद सरकार पन्ना कलेक्टर उषा परमार को पहले ही हटा चुकी थी. अब पन्ना की एसपी निवेदिता नायडू को भी बदल दिया गया है.

हरदा के एसपी पर भी कार्रवाई की गई है. करीब दो महीने पहले हरदा और नर्मदापुरम के किसानों ने प्रदर्शन करते हुए भोपाल तक मार्च किया था. किसानों के राजधानी पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हुआ था. इसके बाद से ही संबंधित जिलों में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे थे.

 


Leave Comments

Top