नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों का चक्काजाम

बोर्ड ऑफिस चौराहे पर यातायात ठप
भोपाल। प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 की मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर राजधानी के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर थालियां बजाईं और नारेबाजी की। इससे चौराहे पर यातायात बाधित हो गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी सड़क पर लेट गए और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर डटे रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की तथा खींचतान भी हुई। पुलिस अधिकारी यातायात सुचारू कराने के प्रयास में जुटे रहे। आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति पत्र जारी करने और जॉइनिंग को लेकर ठोस निर्णय होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। अभ्यर्थियों ने भर्ती नियमावली के खंड 49 का हवाला देते हुए दस्तावेज सत्यापन के दौरान डीएलएड डिग्री से संबंधित शर्त का मुद्दा उठाया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि उनके नियुक्ति पत्र जल्द जारी किए जाएं और उन्हें विद्यालयों में पदस्थापना दी जाए। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर निर्णय होने तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।


Leave Comments

Top