
पीसीसी भोपाल - फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भोपाल में धनतेरस से ठीक पहले भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 4 नवंबर को अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक निकलने वाली पदयात्रा पर कांग्रेस की ओर से आपत्ति जताई गई है। अभिनव बरोलिया माली ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पदयात्रा का रूट बदलने या इसे स्थगित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगले दिन धनतेरस है और न्यू मार्केट सहित आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। ऐसे में पदयात्रा के कारण यातायात प्रभावित हुआ तो बाजारों तक ग्राहकों की पहुंच मुश्किल हो सकती है।
न्यू मार्केट-जवाहर चौक में बढ़ेगी खरीदारों की भीड़
पत्र में कहा गया है कि धनतेरस पर न्यू मार्केट, जवाहर चौक और पुराने भोपाल के आसपास के बाजारों में बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। त्योहार के चलते पहले से ही इन इलाकों में यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में राजनीतिक पदयात्रा के आयोजन से जाम की स्थिति बन सकती है। इसका असर ग्राहकों के साथ दुकानदारों के कारोबार पर भी पड़ सकता है।
त्योहारी कारोबार के बीच रूट बदलने की मांग
अभिनव बरोलिया माली ने पत्र में कहा है कि धनतेरस और दीपावली व्यापारियों के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी अवसरों में शामिल हैं। इस दौरान बाजारों तक पहुंच बाधित होने से व्यापार प्रभावित हो सकता है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से राजनीतिक आयोजन के बजाय आम लोगों की सुविधा और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। पदयात्रा किसी दूसरे स्थान पर निकालने या उसका रूट बदलने की मांग भी की गई ह
दिल्ली के प्रदर्शनों का भी दिया हवाला
पत्र में दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शनों के दौरान भाजपा और व्यापारी संगठनों की ओर से बाजारों में जाम और कारोबार प्रभावित होने की उठाई गई आपत्तियों का भी हवाला दिया गया है। अब भोपाल में भाजपा की पदयात्रा को लेकर भी बाजारों की आवाजाही और व्यापार का मुद्दा उठाया गया है।