नई दिल्ली. भारत समेत दुनिया के कई देशों में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप पड़ने से यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा. आउटेज के कारण आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट टीम्स समेत कई प्लेटफॉर्म प्रभावित हुए. इसका असर ओपनएआई और एंथ्रोपिक की एआई सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले कनेक्टर्स पर भी पड़ा.
आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, आउटलुक से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं. यूजर्स ने सेवाओं के इस्तेमाल में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी. माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि कंपनी समस्या के प्रभाव को कम करने और सेवाएं बहाल करने के लिए काम कर रही है. कंपनी अपने एडमिन सेंटर के जरिए लगातार अपडेट भी जारी कर रही है.
कंपनी के शुरुआती आकलन के अनुसार, बड़ी संख्या में सर्वरों के अचानक ठप होने से यह समस्या पैदा हुई. माइक्रोसॉफ्ट ने हालांकि इसके सटीक कारणों का खुलासा नहीं किया है. कंपनी ने बताया कि आउटेज की जांच जारी है. माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उसके कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर पर अत्यधिक लोड पड़ने से सेवाओं की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई. स्थिति संभालने के लिए ट्रैफिक को वैश्विक इंफ्रास्ट्रक्चर के दूसरे हिस्सों में भेजा जा रहा है.
कंपनी ने नए डिप्लॉयमेंट रोकने, प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर से ट्रैफिक डायवर्ट करने और सर्वरों को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू की. इस आउटेज का असर कंपनी के डिफेंडर एक्सडीआर सुरक्षा सिस्टम पर भी पड़ा. इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट ने उत्तरी अमेरिका में टीम्स सेवा में आई समस्या के समाधान का दावा किया था. हालांकि, बाद में कंपनी ने स्पष्ट किया कि कनेक्टिविटी संबंधी दिक्कतों का असर अन्य क्षेत्रों में माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवाओं पर भी पड़ सकता है.