नए कॉलेज खोलने और कोर्स विस्तार की प्रक्रिया हुई ऑनलाइन

7 दिसंबर तक किए जा सकेंगे आवेदन, भू-अभिलेख पोर्टल से होगा जमीन का सत्यापन
भोपाल। प्रदेश में नए निजी महाविद्यालय खोलने, नए संकाय, पाठ्यक्रम या विषय शुरू करने और निरंतरता प्राप्त करने की प्रक्रिया को अब पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बना दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू की गई इस नई व्यवस्था के तहत इच्छुक संस्थाएं 7 दिसंबर तक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी।

नई व्यवस्था में भूमि संबंधी दस्तावेजों के तकनीक आधारित सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया है। आवेदन करने वाली संस्थाओं को जमीन के स्वामित्व दस्तावेजों के साथ खसरा या बी-1 और नक्शा जमा करना होगा। इन अभिलेखों की भू-अभिलेख पोर्टल से सत्यापित प्रति अपलोड करना अनिवार्य किया गया है, जिससे फर्जीवाड़े की गुंजाइश खत्म होगी और दावों की विश्वसनीयता बढ़ेगी।

लॉक होने के बाद नहीं हो सकेगा संशोधन
दिशा-निर्देशों के अनुसार, निर्धारित शुल्क जमा करने और आवेदन को अंतिम रूप से लॉक करने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। इसलिए संस्थाओं को सलाह दी गई है कि वे सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों और दस्तावेजों की भली-भांति जांच कर लें।

कलेक्टर की समिति करेगी भौतिक निरीक्षण
आवेदनों का प्रारंभिक परीक्षण आयुक्त, उच्च शिक्षा कार्यालय के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) करेंगे। किसी कमी के मिलने पर संस्था को सुधार का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद प्रकरण संबंधित जिला कलेक्टर को भेजे जाएंगे। कलेक्टर द्वारा गठित समितिकृजिसमें लीड कॉलेज, राजस्व विभाग के प्रतिनिधि और विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे, मौके पर जाकर भूमि और बुनियादी व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

अपील और पुनर्विलोकन भी ऑनलाइन
निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यदि कोई संस्था निर्णय से संतुष्ट नहीं है, तो वह ऑनलाइन माध्यम से ही पुनर्विलोकन (रिव्यू) और अपील कर सकेगी। पुनर्विलोकन अस्वीकृत होने की स्थिति में तय समय-सीमा के भीतर अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा के समक्ष अपील करने का प्रावधान भी किया गया है।
 


Leave Comments

Top