विभागों के बंटवारे की आहट, बदल सकते हैं प्रभार वाले जिले

कुछ का भार कम कर सकते हैं मुख्यमंत्री, मिल सकती है नई जिम्मेदारी
भोपाल। इंदौर जिले का प्रभार अपने पास से हटाकर मंत्री चेतन्य कश्यप को सौंपने के बाद प्रदेश की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में विभागों के फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने पास मौजूद करीब एक दर्जन विभागों में से कुछ का भार कम कर सकते हैं। प्रशासनिक कामकाज की गति बढ़ाने और जिम्मेदारियों का प्रभावी बंटवारा करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा सकता है।
वर्तमान में मुख्यमंत्री के पास सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज साधन, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय, पशुपालन एवं डेयरी तथा विधि एवं विधायी कार्य जैसे विभाग हैं। सियासी हलकों में चर्चा है कि सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, लोक सेवा प्रबंधन और पशुपालन एवं डेयरी विभाग संभावित फेरबदल के दायरे में आ सकते हैं। इन विभागों का कामकाज कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ राज्य मंत्रियों को भी सौंपा जा सकता है।
कश्यप और अन्य चेहरों पर नजर
संभावित बदलाव में चेतन्य कश्यप को खनिज साधन विभाग की कमान मिलने की चर्चा प्रमुखता से चल रही है। विधानसभा में संबंधित विभागों के प्रश्नों के उत्तर देने की व्यवस्था को भी संभावित बंटवारे से जोड़कर देखा जा रहा है। विधि एवं विधायी कार्य तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े सवालों के जवाब दे रहे गौतम टेटवाल को इनमें से किसी विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है। वहीं, विधानसभा में प्रवासी भारतीय विभाग के सवालों का जवाब दे रहीं प्रतिमा बागरी और आनंद तथा लोक सेवा प्रबंधन विभाग के प्रश्नों के उत्तर दे रहीं राधा सिंह के नाम भी संभावित दावेदारों में गिने जा रहे हैं।
प्रभार जिलों की दूरी घटाने पर जोर
विभागों के साथ मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों की व्यवस्था में भी संशोधन की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रियों को आवंटित जिलों के बीच की भौगोलिक दूरी कम करने पर फोकस किया जा सकता है, ताकि वे आसानी से अपने प्रभार वाले जिलों में पहुंच सकें और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर सकें। इंदौर का प्रभार छोड़ने के मुख्यमंत्री के फैसले को इसी नई व्यवस्था की शुरुआत माना जा रहा है।
महत्वपूर्ण विभाग रहेंगे मुख्यमंत्री के पास
हालांकि, फेरबदल के बावजूद मुख्यमंत्री गृह, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास और विमानन जैसे अहम विभाग अपने पास ही रख सकते हैं। सरकार की प्राथमिकताओं और सीधे प्रशासनिक नियंत्रण से जुड़े ये विभाग मुख्यमंत्री के पास बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
खंडेलवाल बोले अगले साल दिख सकता है बदलाव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह संकेत दिए हैं। खंडेलवाल ने कहा कि अगले साल तक प्रभार वाले जिलों में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके चलते राजनीतिक हल्कों में चर्चा तेज हो गई है। खंडेलवाल के संकेतों के बाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस बात पर नजर टिकी है कि किस मंत्री को किस जिले की नई जिम्मेदारी मिलती है और अगले साल तक यह बदलाव किस रूप में सामने आता है।
 


Leave Comments

Top