भोपाल। 77वें संविधान दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में गुरुवार को ‘संविधान दिवस उत्सव-2026’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संविधान के ऐतिहासिक सफर को दर्शाने वाली विशेष प्रदर्शनी लगाई गई और विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका ‘विधायिनी’ के विशेषांक का विमोचन भी किया गया।
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया और संविधान के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान की मूल प्रति को सजाने-संवारने वाले कलाकारों के योगदान का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने संविधान की मूल भावना को संरक्षित रखने में भूमिका निभाने वाले महापुरुषों को स्मरण किया।
संविधान की मूल भावना को आहत किया कांग्रेस ने
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर संविधान की मूल भावना को बार-बार आहत करने का आरोप लगाया। उन्होंने अपने संबोधन और चर्चा में आपातकाल तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का जिक्र भी किया। कार्यक्रम के तहत विधानसभा की पत्रिका ‘विधायिनी’ के विशेषांक का लोकार्पण किया गया। संविधान के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराने के उद्देश्य से लगाई गई प्रदर्शनी में विभिन्न ऐतिहासिक पहलुओं को प्रदर्शित किया गया।
हमें अपने संविधान पर गर्व है: तोमर
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने 77वें संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने संविधान रूपी ग्रंथ दिया, जो हर काल खंड में प्रासंगिक रहेगा। देश की आजादी और संविधान कई अमर बलिदानियों के समर्पण से प्राप्त हुए है, हमें अपने संविधान पर गर्व है। हमारे पूर्वजों ने संविधान में किसी पक्ष को अछूता नहीं छोड़ा। संविधान में संशोधन का भी प्रावधान शामिल किया गया, इसी का परिणाम है कि धारा 370 और तीन तलाक पर रोक जैसे संशोधन हम कर पाए हैं। देश के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकार मिलें, वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी अहम भूमिका निभा रहा है। आज भारत प्रत्येक क्षेत्र प्रगति करते हुए दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।