'सेवा दूत’ बनेंगे भाजपा के सारथी, टटोलेंगे हर विधानसभा की नब्ज

खंडेलवाल बोले सेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार को एक साथ आगे बढ़ाना हमारा लक्ष्य
भोपाल। भाजपा के प्रस्तावित ‘सेवा दूत’ अभियान को लेकर तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के जरिए पार्टी प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर एक साथ सेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार की रणनीति को जमीन पर उतारने जा रही है। अभियान की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने के लिए तीन संभागों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनकी शुरुआत राजधानी भोपाल से हुई।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यकर्ता को ‘सेवा दूत’ की जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि भौगोलिक रूप से बड़ी और ग्रामीण विधानसभा सीटों पर आवश्यकतानुसार दो कार्यकर्ताओं को तैनात किया जाएगा।


जमीनी फीडबैक और बूथ सशक्तिकरण पर जोर
संभागीय कार्यशालाओं में सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों को अभियान की कार्ययोजना व उद्देश्यों से अवगत कराया जा रहा है। भोपाल में पहली कार्यशाला संपन्न होने के बाद आगामी दो दिनों में जबलपुर और इंदौर संभाग में भी ऐसी ही कार्यशालाएं आयोजित होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सेवा दूत अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा कार्य करेंगे। इसके साथ ही वे बूथ स्तर की जमीनी हकीकत, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की पहुंच का आकलन कर फीडबैक जुटाएंगे। इसी फीडबैक के आधार पर कमजोरियों को चिह्नित कर बूथों को सुदृढ़ करने की रणनीति बनाई जाएगी।


सेवा के साथ संगठन विस्तार का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि अभियान का दायरा केवल सेवा गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका मुख्य उद्देश्य सेवा के माध्यम से जनता से जुड़ना और संगठन को और अधिक सशक्त करना है। पार्टी का लक्ष्य है कि एक दिसंबर को अभियान की औपचारिक शुरुआत के साथ ही सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में सेवा दूत पूरी तत्परता के साथ सक्रिय हो जाएं।
 


Leave Comments

Top