भाजपा ने मनाया स्थापना दिवस, प्रदेश कार्यालय में वीडी शर्मा ने फहराया ध्वज
भोपाल। प्रदेश भर में आज रविवार को भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी का ध्वज फहराया और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था अंधेरा छटेगा कमल खिलेगा। आज सभी जगह कमल खिलेगा। उन्होंने सुशासन की शुरुआत की थी, अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के जीवन में खुशियां लेकर आ रहे हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा 46वां स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी के प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी ने 1980 के अधिवेशन में मुंबई में जिसकी शुरुआत की थी, जो जनसंघ के बाद भाजपा बनी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रयासों से भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीति पार्टी बनी है। शर्मा ने कहा कि उस समय अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा. आज देश के अंदर कमल खिल रहा है. आज हम सब के लिए महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने रामनवमी की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अंत्योदय का जो सपना देखा था, आज उसे सपने को प्रधानमंत्री मोदी पूरा कर रहे हैं। शर्मा ने सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि आज संकल्प लेते है कि इस यात्रा में अनवरत हम सब कार्यकर्ता एक यात्री के तौर पर अथक परिश्रम के साथ अपने संगठन को और ताकत और आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
यथार्थ में बदल रहा अंत्योदय का विचार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का जो विचार पार्टी को दिया था, उसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यथार्थ में बदल रहे हैं। एक गरीब मां के बेटे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव आया है और देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी गरीबों के मसीहा के रूप में उभरे हैं। आज पार्टी के स्थापना दिवस पर हम सभी कार्यकर्ता ये संकल्प लें कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंतिम व्यक्ति के कल्याण लिए जो अभियान चल रहा है, उसे आगे बढ़ाने के लिए समर्पित होकर काम करेंगे।