भोपाल। प्रदेश के निवाड़ी जिले में आज गुरूवार को भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कुक्कुट विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष और निवाड़ी विधानसभा से निर्दलीय विधानसभा चुनाव लड़ चुके नंदराम कुशवाहा ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके साथ उनके समर्थकों ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया। पृथ्वीपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस में शामिल होकर उन्होंने भाजपा पर करारा हमला बोला और संविधान बचाने की अपील की।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज से बुंदेलखंड के दौरे पर है। वे आज निवाड़ी जिले में जिला स्तरीय संगठन बैठक और कार्यकर्ता सम्मेलन में ष्शामिल हुए थे। इस दौरान कुक्कुट विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष नंदराम कुशवाहा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वे पहले निर्दलीय के तौर पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं और क्षेत्र में उनका अच्छा जनाधार माना जाता है। कुशवाह अकेले ही नहीं बल्कि अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में ष्शामिल हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर भी मौजूद रहे।
संविधान बचाने आए कांग्रेस में
कांग्रेस में शामिल होने के बाद कुशवाहा ने कहा कि अगर हमें अपना संविधान बचाना है, तो कांग्रेस का साथ देना होगा। संविधान रहेगा, तो हमारे अधिकार, संस्कार, विरासत, बच्चों की शिक्षा, रोजगार, व्यापार और सभ्यता सब सुरक्षित रहेगी। संविधान नहीं बचेगा, तो हमारा स्वाभिमान भी खत्म हो जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे पूरी ईमानदारी से संविधान की रक्षा के लिए काम करें और संकल्प लें।