निर्वाचन आयोग ने घोषित की विधानसभा उपचुनाव दतिया की तिथियां

आदर्श आचरण संहिता लागू
कलेक्टर ने दिए निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 2 जुलाई 2026 को दतिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 22 उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। जारी कार्यक्रम अनुसार 6 जुलाई को गजट नोटीफिकेशन होकर नामांकन भरने की आखिरी तिथि 13 जुलाई 2026 रहेगी। दिनांक 14 जुलाई को नामांकन की छंटनी एवं 16 जुलाई तक नामांकन वापिस लेने की अंतिम तिथि रहेगी। दिनांक 30 जुलाई को मतदान होगा एवं 3 अगस्त को मतगणना की जायेगी।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव की घोषणा के बाद कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री स्वप्निल वानखेड़े द्वारा निर्वाचन के संबंध में बैठक बुलाई गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मंजीत सिंह चावला, रिटर्निग ऑफीसर एवं एसडीएम सुश्री सोनाली राजपूत सहित निर्वाचन कार्य से संबंधित सभी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वानखेड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के दतिया विधानसभा क्रमांक 22 में उप निर्वाचन होने से सम्पूर्ण जिले में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कढ़ाई से पालन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आदर्श आचरण संहिता के दौरान बिना रिटर्निंग ऑफीसर की अनुमति के बिना राजनैतिक प्रचार-प्रसार रैली, जुलूस सभाएं प्रतिबंधित रहेगी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने तक आयुध अधिनियम 1959 की धारा 17 (3) (ख) के तहत् आदेश जारी कर समस्त शस्त्र लायसेंस निलंबित करते हुए लायसेंसी शस्त्र धारकों को अपने शस्त्र संबंधित थानों में दिनांक 10 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करने के निर्देश दिए है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वर्षा को ऋतु को देखते हुए समस्त 291 मतदान केन्द्रों पर जल भराव की स्थिति को पूर्व में ही जांच लिया जाये। किसी मतदान केन्द्र पर यदि कोई मरम्मत कार्य की आवश्यकता हो तो पूर्व में ही कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से संवेदनशील क्षेत्र में फोर्स मूवमेंट एवं फ्लैग मार्च निकालने की बात कही। रिटर्निंग ऑफीसर को कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वानखेड़े ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से आयोग के निर्देशानुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 22 में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान कराने की बात कही।

                                                                        निहारिका मीना


Leave Comments

Top