युवक कांग्रेस के चुनाव में कांग्रेस ने की वोट चोरी

सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग का आरोप
भोपाल। भाजपा शासित राज्यों में राहुल गांधी के द्वारा लगाए गए वोट चोरी के आरोपों से घमासान मचा हुआ है। इस बीच राज्य के सहकारिता व खेल मंत्री विश्वास सारंग ने भी वोट चोरी का आरोप लगाया है। सारंग ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए युवक कांग्रेस के चुनाव में साढ़े सात करोड़ रूपए का घोटाला हुआ है।
सहकारिता व खेल मंत्री विश्वास सारंग ने आरोप लगाया है कि मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए युवक कांग्रेस चुनाव के जरिए कांग्रेस और राहुल गांधी ने साढ़े सात करोड़ रुपए का घोटाला किया। नेताओं के बेटों को आगे बढ़ाने के लिए साढ़े लाख वोट भी चोरी किए। उन्होंने कहा कि युथ कांग्रेस से जो अभिषेक परमार किसान परिवार का बेटा है और गरीब परिवार से देवेंद्र सिंह दादू है, जिन्होंने आशा के साथ भाग लिया, लेकिन कांग्रेस ने गलत तरह से सदस्यता और गलत तरह से वोट चोरी करके बड़े नेता के बेटे को अध्यक्ष बना दिया। ऐसे हजारों युवाओं के साथ धोखा किया है।
चार हजार युवा दावेदारों से वसूले एक करोड़
मंत्री  सारंग ने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में इंडियन युथ कांग्रेस की अधिकृत वेबसाइट पर चुनाव में 15 लाख युवाओं ने सदस्यता ली। इसके लिए प्रत्येक सदस्य से 50-50 रुपए शुल्क लिया गया। इस तरह करीब साढ़े सात करोड़ रूपए प्रदेश के युवाओं से वसूल किए गए। चुनाव में 4 हजार युवा दावेदारों से लगभग 1 करोड़ रुपए वसूले। मंत्री ने आरोप लगाया कि युथ कांग्रेस के चुनाव हुए तो लगभग 5 लाख वोट रिजेक्ट कर दिए गए। जबकि साढ़े तीन लाख वोट होल्ड कर दिए गए। इस तरह लगभग साढ़े आठ लाख वोट राहुल गांधी और कांग्रेस ने चोरी कर लिए। दावेदारों ने गुहार लगाई, लेकिन इसका जवाब कांग्रेस नहीं दे पाई।
 
 

Leave Comments

Top