'विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया'
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने इस बारे में मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक की। बैठक में पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और तमिलनाडु राज्य इकाई के कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडंकर सहित कई लोग उपस्थित थे। बैठक के बाद संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, टीवीके अध्यक्ष थिरु विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कांग्रेस मानती है कि तमिलनाडु में मिला जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर भाजपा और उसके सहयोगियों को तमिलनाडु की सरकार में शामिल नहीं होने देना चाहती। हम तमिलनाडु सरकार में भाजपा और उसके सहयोगियों को किसी भी रूप में शामिल नहीं होने देने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु में पार्टी की राज्य ईकाई को फैसला लेने के लिए अधिकृत किया है।
वेणुगोपाल ने यह भी बताया कि विजय ने कामराज से प्रेरणा लेने की बात कही है। उन्होंने कहा, तदनुसार, कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) को थिरु विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है, जिसमें राज्य की भावनाओं और चुनावी जनादेश को ध्यान में रखा जाएगा।
कितने विधायक चाहिए?
विजय की टीवीके ने 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं, जो बहुमत के आंकड़े से कुछ कम है। सरकार बनाने के लिए उन्हें कम से कम 10 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी। कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं, जबकि पीएमके ने चार, सीपीआई और सीपीआई-एम ने दो-दो सीटें हासिल की हैं।