सांची ने भी बढ़ाए दूध के दाम, आज से लागू होंगी नई दरें

भोपाल। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में आम जनता की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। अमूल और मदर डेयरी के नक्शेकदम पर चलते हुए अब मध्य प्रदेश के सबसे बड़े दुग्ध ब्रांड सांची ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। नई दरें 15 मई से प्रभावी होंगी, जिससे अब चाय से लेकर मिठाई तक सब कुछ महंगा होने के आसार हैं।
दुग्ध कंपनियों का तर्क है कि उत्पादन लागत में लगातार इजाफा हो रहा है। कंपनियों के अनुसार पशु आहार की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, ट्रांसपोर्टेशन खर्च (ईंधन की कीमतों के कारण) में वृद्धि, बीते एक साल में बढ़ी हुई ऑपरेशनल कॉस्ट के कारण यह वृद्धि की जा रही है।  बता दें कि इससे पहले मई 2025 में भी दूध के दाम बढ़ाए गए थे, और अब ठीक एक साल बाद उपभोक्ताओं को फिर से झटका लगा है। राजधानी भोपाल में सांची दूध की खपत ज्यादा होती है। राजधानी में रोज करीब साढ़े 7.5 लाख लीटर से ज्यादा सांची दूध की खपत होती है। अमूल की बिक्री करीब 90 हजार लीटर प्रतिदिन बताई जाती है। इसके अलावा सौरभ और श्रीधी ब्रांड का दूध भी शहर और ग्रामीण इलाकों में बड़ी मात्रा में बिकता है। वहीं मदर डेयरी की खपत मुख्य रूप से शहर के अंदर ज्यादा है। सांची ने अलग-अलग पैकेट पर 2 रुपए प्रति लीटर’’ तक की बढ़ोतरी की है। अमूल और मदर डेयरी पहले ही अपने रेट बढ़ा चुके हैं, जिसके बाद अब सांची के इस फैसले ने पैक्ड दूध को आम आदमी की पहुंच से दूर कर दिया है।
खुले दूध की ओर बढ़ता रुझान
दिलचस्प बात यह है कि पैक्ड दूध की बढ़ती कीमतों के बीच भोपाल में खुले दूध की मांग अभी भी सबसे अधिक बनी हुई है। हालांकि कुछ दिनों पहले खुले दूध के दाम भी 2 रुपए प्रति लीटर बढ़े थे, लेकिन इसके बावजूद यह पैक्ड दूध की तुलना में करीब 10 रुपए प्रति लीटर सस्ता पड़ रहा है। यही वजह है कि मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोग अब भी खुले दूध को ही प्राथमिकता दे रहे हैं।

Leave Comments

Top