नई दिल्ली. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं. रविवार 24 मई को उन्होंने दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को लेकर बड़ी जानकारी दी. अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने कहा कि अमेरिका-ईरान संघर्ष पर कुछ घंटों में घोषणा होने की संभावना है.
दिल्ली में पत्रकारों से बाचती के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे दुनिया के लिए अच्छी खबर बताते हुए ईरान के साथ संभावित समझौते का संकेत दिया. रुबियो का ये बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के कुछ घंटों बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि वाशिंगटन 60 दिनों के लिए युद्धविराम विस्तार के करीब है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना भी शामिल है.
दुनिया के लिए आ सकती है अच्छी खबर- रुबियो
नई दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए रूबियो ने कहा, मुझे लगता है कि शायद अगले कुछ घंटों में दुनिया को कुछ अच्छी खबर मिल सकती है. रुबियो ने कहा कि उभरते समझौते से होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका की चिंताओं का समाधान होगा, जिसे ईरान ने फरवरी में संघर्ष शुरू होने के बाद से काफी हद तक अवरुद्ध कर दिया है.
60 दिनों के लिए बढ़ सकता है युद्धविराम
प्रस्तावित शांति समझौते में मौजूदा युद्धविराम को 60 दिनों के लिए बढ़ाने का प्रावधान है, जिसके दौरान जलडमरूमध्य को फिर से खोल दिया जाएगा और ईरान को अपना तेल बेचने की अनुमति दी जाएगी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा, संयुक्त राज्य अमेरिका, ईरान और अन्य विभिन्न देशों के बीच एक समझौते पर बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है, जिसे अंतिम रूप देना बाकी है.
वहीं दूसरी ओर, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को समाप्त करने, अपनी विदेशी संपत्तियों को मुक्त करने और तेल बिक्री पर लगे प्रतिबंधों को हटाने की मांग की है.