संत सुरक्षा नीति लागू करने की उठी मांग

भोपाल। रीवा जिले में दो जैन साध्वी की सड़क हादसे में हुई मौत के मामले में समाज के विभिन्न वर्गों में रोष है। पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री अरुण यादव ने देश में संत सुरक्षा नीति लागू करने की मांग की है। दरअसल, बीते दिनों रीवा में जैन साध्वी मति माता एवं उपशममति माता पैदल विहार पर थी। इसी दौरान रीवा जिले में एक कार ने टक्कर मार दी थी।
इस हादसे में दोनों साध्वी की मौत हो गई थी। पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने जैन संत समाज की हृदयविदारक घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था, संस्कृति और मानवता को झकझोर देने वाली घटना बताया है। अरुण यादव ने कहा कि श्रुति मति माता एवं उपशममति माता का असामयिक समाधि मरण अत्यंत पीड़ादायक एवं दुखद है। उन्होंने कहा कि जो साध्वी माताएं अहिंसा, संयम, धर्म और मानवता का संदेश देते हुए पैदल विहार कर रही थीं, उन्हें तेज रफ्तार वाहन द्वारा कुचल दिया जाना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक सामान्य सड़क हादसा मानकर नजरअंदाज नहीं की जा सकती। इसकी निष्पक्ष, उच्च स्तरीय एवं गहन जांच होना आवश्यक है, ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके और दोषियों को कठोरतम सजा मिल सके। यादव ने मांग की कि मामले की न्यायिक जांच अथवा विशेष जांच दल (एसआईटी) के माध्यम से विस्तृत जांच कराई जाए।
 


Leave Comments

Top