राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्यसभा के लिए कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद पार्टी पदाधिकारी और विधायक भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उधर, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, जयराम रमेश, भूपेश बघेल सहित अन्य पदाधिकारी आपत्ति दर्ज कराने दिल्ली स्थित चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी तो वे धरने पर बैठ गए। आयोग ने बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों को बुलाया है। वहीं, इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की भी तैयारी है।
भोपाल स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि बुधवार को निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर पार्टी के सभी विधायक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। सभी जिला कांग्रेस कमेटियां भी इसी तरह उपवास करेंगी। जिस आधार पर नामांकन निरस्त किया गया है, वह मामला ही नहीं बनता है। रिटर्निंग अधिकारी ने सरकार और भाजपा के दबाव में काम किया है। यह संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है, जिसे पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी।