Modi-Trump Meet: PM ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, ट्रंप बोले- मोदी अपनी शर्तें मनवाने में सख्त

Modi-Trump Meet: PM ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, ट्रंप बोले- मोदी अपनी शर्तें मनवाने में सख्त

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, एवियन Published by: Pavan Updated Wed, 17 Jun 2026 08:25 PM IST
 
खास बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के दौरे पर हैं, मंगलवार को जहां उन्होंने जी7 के आउटरीच सेशन में शिरकत की थी। वहीं पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की आज कुछ ही देर बाद मुलाकात होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री ने आज जी7 शिखर सम्मेलन के वर्किंग सेशन में कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की है। यहां पढ़ें, पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात और जी7 शिखर सम्मेलन से जुड़े सभी अपडेट्स...

PM Modi And Donald Trump Meeting LIVE: India-US Relations, Bilateral Meeting, G7 Summit Evian in France

पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

08:24 PM, 17-Jun-2026

ट्रंप ने अपने भारत दौरे को किया याद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'पिछली बार भारत का मेरा दौरा बहुत शानदार रहा था। हमने उस नए स्टेडियम का उद्घाटन किया था, और मुझे लगता है कि वहां 3000-4000 लोग थे। स्टेडियम में लगभग 150,000 लोगों के बैठने की जगह थी, और बाहर 2,50,000 लोग थे, और 1,00,000 लोग घास पर बैठे थे... मुझे नहीं पता कि वे रिकॉर्ड टूटे हैं या नहीं... लेकिन भारत में मेरा समय बहुत अच्छा बीता
08:20 PM, 17-Jun-2026

तेल की कीमतों पर भी बोले राष्ट्रपति ट्रंप

जब उनसे पूछा गया कि क्या रूस पर फिर से कोई प्रतिबंध लगाए जाएंगे, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'हम इस पर विचार कर रहे हैं। हम देख रहे हैं कि तेल की कीमतें कितनी नीचे आती हैं, वे तेजी से गिर रही हैं... कीमतें कम हो रही हैं और जल्द ही उस स्तर पर आ जाएंगी जो चार महीने पहले था। इसके अलावा, हमारे सामने बिना परमाणु हथियारों वाला ईरान होगा; मैं कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री भी इस बात को लेकर बहुत गंभीर हैं'।
07:53 PM, 17-Jun-2026

भारत पर हमला हुआ को हम मदद करेंगे- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी के साझा वार्ता में कहा कि अगर भारत पर कभी हमला होता है, तो अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा, भले ही कोई लिखित समझौता न हो। ट्रंप ने आगे कहा कि मैं जल्द ही भारत का दौरा करूंगा। वहीं, जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें उम्मीद है कि भारत पश्चिम एशिया में कोई भूमिका निभाएगा, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'हां, मुझे उम्मीद है। मुझे लगता है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है। जब तक वह (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा'
07:50 PM, 17-Jun-2026

ट्रंप ने फिर दोहराया- मैंने आठ युद्ध खत्म कराए

ट्रंप ने इस दौरान कहा कि वे रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म होते देखना चाहते हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि उन्होंने आठ युद्ध खत्म किए। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने 48 वर्षों तक दुनिया का फायदा उठाया। होर्मुज जलडमरूमध्य में मारे गए भारतीय नाविकों के बारे में ट्रंप ने कहा, 'मैंने इसके बारे में सुना है, यह एक मुश्किल काम है। हम इस पर काम कर रहे हैं'। ट्रंप ने आगे कहा कि, 'अगर ईरान समझौते पर सहमत नहीं होता और उस पर साइन नहीं करता, तो हम उन पर फिर से हमला करेंगे। उनके पास कोई नौसेना नहीं है। वे डील करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं'
07:47 PM, 17-Jun-2026

पीएम मोदी अपनी शर्तें मनवाने में सख्त- ट्रंप

इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर पीएम मोदी को अपनी शर्तें मनवाने में सख्त बताया है। ट्रंप ने कहा- वे भारत के लोगों से प्यार करते हैं और अमेरिका के लोगों से भी। उन्होंने अमेरिका में हाउडी मोदी भी किया है। भारत की हर तरफ बड़ी भूमिका है। जब तक मोदी पीएम रहेंगे तब तक भारत की बड़ी भूमिका रहना तय है।
 
07:45 PM, 17-Jun-2026

प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई- ट्रंप

इस अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'फ्रांस में हमारी कुछ बहुत अच्छी बैठकें हुईं... यह जी7 है। इसके बाद जी2 और फिर जी20 होने वाली है... खास तौर पर, भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई। हम ट्रेड डील कर रहे हैं... अमेरिका और भारत के बीच बहुत कुछ हो रहा है। अमेरिका अब तक के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहा है। हमारे पास 19.2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा आ रहे हैं, और हम फैक्टरियां बना रहे हैं, हम सब कुछ बना रहे हैं। प्रधानमंत्री अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं। वह अमेरिका में काफी पैसा खर्च कर रहे हैं, इसलिए हम उनके इस काम की तारीफ करते हैं। लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त रहे हैं, और हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं, और आपके साथ होना बहुत अच्छा लग रहा है'।

पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा, 'हमने हमेशा कहा है कि समुद्र में आवाजाही की आजादी पक्की होनी चाहिए और हमें इस बात पर जोर भी देना चाहिए। समुद्री व्यापार के क्षेत्र में दुनिया के अलग-अलग समुद्रों में लाखों भारतीय नाविक काम कर रहे हैं। मेरा मानना है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है... मुझे भरोसा है कि (ईरान के साथ) समझौते में नाविकों की सुरक्षा पक्की की जाएगी और उसे प्राथमिकता दी जाएगी'।
07:38 PM, 17-Jun-2026

पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात शुरू

फ्रांस के एवियन में जी-7 समिट के इतर पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई है। इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया भर में लाखों भारतीय नाविक काम करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा भारत की प्राथमिकता है। उन्होंने खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि इसे खुला रखना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। पीएम मोदी ने यह भी उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति प्रयासों के बाद समुद्री रास्तों की सुरक्षा और बेहतर होगी। उन्होंने पश्चिम एशिया में शांति की दिशा में अमेरिका की भूमिका की सराहना करते हुए ट्रंप को बधाई दी
06:58 PM, 17-Jun-2026

ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की

फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर प्रशंसा की। ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी बेहद शांत, संयमित और प्रभावशाली नेता हैं। उन्होंने कहा, 'मोदी शांत, संयमित और पूरी तरह जबरदस्त हैं, जबकि मैं ऐसा नहीं हूं'। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार, तकनीक और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। 
06:58 PM, 17-Jun-2026

ट्रंप का ओबामा-ईरान परमाणु समझौते पर हमला

फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के समय हुए 2015 के ईरान परमाणु समझौते (JCPOA) की कड़ी आलोचना की। ट्रंप ने आरोप लगाया कि ओबामा प्रशासन ने इस समझौते के तहत ईरान को अरबों डॉलर का फायदा पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को 1.7 अरब डॉलर नकद दिए थे, जिसे विमान के जरिए तेहरान भेजा गया था। ट्रंप ने कहा कि यह समझौता अमेरिका के हित में नहीं था और इससे ईरान को आर्थिक रूप से मजबूत होने का मौका मिला। उन्होंने इसे अब तक के सबसे खराब अंतरराष्ट्रीय समझौतों में से एक बताया।
06:36 PM, 17-Jun-2026

पीएम मोदी ने कहा कि EU अधिकारियों से मिलना ‘शानदार’ रहा।

पीएम मोदी एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- आज एवियन में यूरोपियन काउंसिल के प्रेसिडेंट एंटोनियो कोस्टा और यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मिलकर बहुत अच्छा लगा। इस साल की शुरुआत में, भारत को हमारे गणतंत्र दिवस समारोह के लिए उनकी मेजबानी करने पर गर्व हुआ था। भारत-ईयू संबंधों के लिए यह समय बहुत अच्छा रहा है क्योंकि हमने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को अंतिम रूप दिया है। हमारी बातचीत के दौरान, हमने इस पर चर्चा की कि आने वाले समय में आर्थिक संबंधों को और कैसे मजबूत किया जाए। आज के वैश्विक माहौल में शांति, स्थिरता और समृद्धि को मज़बूत करने में हमारा बढ़ता सहयोग एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है

Leave Comments

Top