NEET Exam Live: नीट यूजी री-एग्जाम संपन्न, पिछली परीक्षा से अधिक कठिन लगा पेपर; अभ्यर्थियों ने साझा किया अनुभव

एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला Published by: Akash Kumar Updated Sun, 21 Jun 2026 06:09 PM IST

NEET UG Re-Exam 2026 Live Updates: लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थियों के लिए NEET-UG पुनर्परीक्षा आयोजित की गई, जो दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चली। देशभर के परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों और सख्त निगरानी के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अभ्यर्थियों ने मेडिकल प्रवेश की इस महत्वपूर्ण परीक्षा में हिस्सा लिया।

इस वर्ष NEET UG परीक्षा की कुल अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। पहले यह परीक्षा 180 मिनट की होती थी। परीक्षा से जुड़ी हर बड़ी अपडेट और ताजा जानकारी यहां पढ़ें...

NEET Re-Exam 2026 Live Updates: 22.79 Lakhs Candidates Will Appear, Check Latest Update, NTA Guidelines

NEET UG 2026 - फोटो : AI

लाइव अपडेट

05:48 PM, 21-Jun-2026

पिछली परीक्षा से अधिक कठिन लगा पेपर

तमिलनाडु में NEET-UG पुनर्परीक्षा खत्म होने के बाद उम्मीदवार परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते दिखाई दिए। एक अभ्यर्थी तरुण ने कहा कि उनका पेपर अच्छा गया है, लेकिन अंतिम परिणाम का इंतजार करना होगा। उन्होंने बताया कि इस बार की परीक्षा पिछली बार की तुलना में थोड़ी ज्यादा कठिन लगी।
05:45 PM, 21-Jun-2026

परीक्षा के बाद अभ्यर्थी की प्रतिक्रिया

जम्मू और कश्मीर में NEET-UG पुनर्परीक्षा समाप्त होने के बाद उम्मीदवार परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते नजर आए। एक अभ्यर्थी ने परीक्षा को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि पेपर काफी अच्छा था और उनकी तैयारी भी मजबूत थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) का भाग थोड़ा कठिन लगा, बाकी सब ठीक था। कुल मिलाकर अच्छा अनुभव रहा।
05:20 PM, 21-Jun-2026

लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थी ने दी परीक्षा

देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच NEET-UG पुनर्परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस मेडिकल प्रवेश परीक्षा में लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और अन्य सुरक्षा उपायों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की गई।

04:59 PM, 21-Jun-2026

छात्रों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी

रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री Narendra Modi ने NEET परीक्षा के दौरान छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली हवाई अड्डे से अपने प्रस्थान में देरी की। बताया गया कि वह दोपहर 1:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे आवास नहीं गए और कुछ समय वहीं रुके रहे।
04:36 PM, 21-Jun-2026

परीक्षा के बाद अगला चरण क्या?

परीक्षा समाप्त होने के बाद एनटीए द्वारा प्रोविजनल आंसर की जारी की जाएगी, जिस पर उम्मीदवार आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर की प्रकाशित होगी और इसके आधार पर NEET-UG का परिणाम घोषित किया जाएगा। रिजल्ट जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों को काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होगा, जिसके माध्यम से मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में सीटों का आवंटन किया जाएगा।
04:22 PM, 21-Jun-2026

घायल छात्रा सृष्टि दुबे ने विशेष व्यवस्था के बीच दी परीक्षा

कोलकाता की NEET अभ्यर्थी सृष्टि दुबे ने गंभीर सड़क हादसे और बड़ी सर्जरी के बावजूद हार नहीं मानी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के हस्तक्षेप के बाद उन्हें विशेष मेडिकल व्यवस्था के साथ NEET 2026 परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई, जिसके लिए परीक्षा केंद्र पर अलग कमरा, मेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी।
04:02 PM, 21-Jun-2026

परीक्षा पैटर्न और अंकन योजना समझें

NEET-UG परीक्षा में कुल 180 प्रश्न पूछे जाते हैं, जो कुल 720 अंकों के होते हैं। इसमें भौतिकी और रसायन विज्ञान से 45-45 प्रश्न (180-180 अंक) तथा जीव विज्ञान से 90 प्रश्न (360 अंक) शामिल होते हैं। परीक्षा की अंकन योजना के अनुसार प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक दिए जाते हैं, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है। किसी प्रश्न का उत्तर न देने पर कोई अंक नहीं दिया जाता और न ही कोई अंक काटा जाता है।
03:15 PM, 21-Jun-2026

5:15 बजे तक होगी परीक्षा

NEET-UG पुनर्परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है। इस बार परीक्षा की अवधि में 15 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा गया है, जिससे अभ्यर्थियों को प्रश्नों को पढ़ने और उत्तर देने के लिए पहले की तुलना में अधिक समय मिल सके।  
02:30 PM, 21-Jun-2026

परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचे छात्रों को प्रवेश नहीं

नीट यूजी पुनर्परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र पर देर से पहुंचने के कारण दो छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया। एक छात्र के चाचा आमिर कादरी ने बताया, "मैं अपने भतीजे के साथ उसकी परीक्षा के लिए आया हूं। परीक्षा केंद्र जाते समय हमारा एक्सीडेंट हो गया और मुझे थोड़ी देर हो गई, क्योंकि मेरे भतीजे को प्राथमिक उपचार दिया गया। अब जब हम यहां पहुंच गए हैं, तो हमें प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। अधिकारी कह रहे हैं कि परीक्षा शुरू हो चुकी है और हमें प्रवेश देना संभव नहीं होगा।"  
02:23 PM, 21-Jun-2026

अजमेर में NEET री-एग्जाम के दौरान हिजाब को लेकर एंट्री विवाद

अजमेर में नीट री-एग्जाम देने पहुंची एक छात्रा की एंट्री पर उस समय विवाद हो गया जब वह सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र पर हिजाब पहनकर परीक्षा देने पहुंची। एंट्री के दौरान कुछ देर के लिए हंगामा हुआ, हालांकि बाद में छात्रा की जांच की गई और एनटीए की गाइडलाइन के अनुसार उसे परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी गई।

जिला कलेक्टर ने बताया कि सभी स्टूडेंट्स को परीक्षा नियमों की जानकारी पहले ही दे दी गई थी और प्रशासनिक टीम को भी इस संबंध में सूचित किया गया था। कार्यवाहक एसपी ऊषा यादव ने भी मामले की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से संभाल लिया गया।

Leave Comments

Top