कॉलेज के पास चल रही शराब दुकान, अभाविप ने किया प्रदर्शन

भोपाल। महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब की दुकान को लेकर छात्र राजनीति गरमा गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। दुकान को तत्काल हटाने की मांग की जा रही है। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया, जबकि संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद  का कहना है कि कॉलेज के पास चल रही शराब की दुकान छात्राओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग किए जाने पर नारेबाजी भी की। अभाविप के अनुसार, कॉलेज कैंपस और पास के बस स्टॉप के आसपास असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे परेशानी हो रही है और छेड़छाड़ का डर भी बढ़ गया है। अभाविप नेताओं ने मांग की है कि प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत शराब की दुकान को हटाए। संगठन ने इलाके में सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक ओवरब्रिज बनाने और मुख्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की है। अभाविप ने चेतावनी दी है कि, अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिछले एक साल से इस मुद्दे को लगातार उठाती आ रही है। दो महीने पहले प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था।
 


Leave Comments

Top