जबलपुर. गोंड साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती का आज बुधवार को बलिदान दिवस है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर पहुंचे.
उन्होंने बरहा गांव स्थित रानी दुर्गावती समाधि स्थल पर पूजन-अर्चन किया और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद रहे.
सीएम ने कहा कि जबलपुर शहर में रानी दुर्गावती की 52 फीट ऊंची प्रतिमा सहित 100 करोड़ रुपए के स्मारक निर्माण की आधारशिला 5 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी, जो जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा.
सीएम बोले- रानी दुर्गावती के नाम पर होगा एयरपोर्ट
सीएम ने कहा कि भारत में गोंड राजवंश की महानतम रानी दुर्गावती को उनके अप्रतिम साहस और बलिदान के लिए याद किया जाता है. उन्होंने मुगल सेना से अपनी मातृभूमि और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था. सीएम ने कहा कि अब हम सभी की इच्छा है कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जाए, ताकि देश-दुनिया से आने वाले लोगों को इस वीरांगना और इस स्थान की याद बनी रहे. राज्य सरकार एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर भारत सरकार के समक्ष अपना प्रस्ताव रखेगी.
दुर्गावती के नाम पर जल्द एक जू बनने वाला है
इधर, मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती के बलिदान स्थल पर आकर गोंडवाना की विशाल पहाडिय़ों के बीच उनके बलिदान को स्मरण करता हूं. हमने पहली कैबिनेट बैठक भी यहीं आयोजित की थी. सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने जबलपुर और संग्रामपुर में कैबिनेट बैठकें आयोजित कर उनके योगदान को स्मरण किया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही यहां एक जू (चिडिय़ाघर) बनने वाला है, जिसका नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जाएगा. इसके साथ ही मध्यप्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर ब्रिज का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा गया है.