भोपाल। प्रदेश में लंबे समय के बाद भाजपा कार्यसमिति की घोषणा हो गई है। कार्यसमिति में 106 सदस्यों को जगह मिली है। स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में 41 लोग हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नई प्रदेश कार्यसमिति का ऐलान कर दिया है। प्रदेश भाजपा की नई कार्यसमिति में 106 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें 41 नेताओं को स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। 106 सदस्यों वाली कार्यसमिति में सिर्फ एकमात्र मुस्लिम महिला बिलकिस जहां को जगह मिली है। नई कार्य समिति में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दोनों उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा को भी शामिल किया गया है। नई कार्य समिति में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और सावित्री ठाकुर को भी शामिल किया गया है। कार्यसमिति में केवल एक मुस्लिम महिला नेता बिलकिस जहां को स्थान दिया गया है। उनके शामिल होने को पार्टी के सामाजिक प्रतिनिधित्व के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
इन मंत्रियों को भी मिली जगह
नई कार्यसमिति में प्रदेश सरकार के मंत्रियों में कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, संपतिया उइके, विजय शाह, इंदर सिंह परमार, उदय प्रताप सिंह, तुलसीराम सिलावट, एदल सिंह कंसाना, निर्मला भूरिया, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, नारायण सिंह कुशवाह, चेतन काश्यप और कृष्णा गौर को भी शामिल किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल के हस्ताक्षर से जारी सूची में इस बार विशेष आमंत्रित सदस्यों के नाम शामिल नहीं किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कार्य समिति में भाजपा के सभी संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष एवं प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य रहेंगे।
दीपक सक्सेना, अनुसुईया उइके स्थायी आमंत्रित सदस्य बनें
प्रदेष भाजपा अध्यक्ष ने 41 स्थायी आमंत्रित सदस्यों के नामों की भी घोशणा की है। इन नामों में सुमित्रा महाजन, सत्यनारायण जटिया, विक्रम वर्मा, कप्तान सिंह सोलंकी, सुरेष पचौरी, दीपक सक्सेना, अनुसूईया उइके, कुसुम महदेले, हिम्मत कोठारी, गौरीशंकर बिसेन, ढ़ालसिंह बिसेन, यशोधरा राजे सिंधिया, नानाभाउ मोहोड़, सुधा जैन, गोपाल भार्गव, जयंत मलैया आदि के नाम शामिल हैं।
प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक 15 जुलाई को
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा के बाद पहली बैठक की तारीख तय हो गई है। 15 जुलाई को ओरछा में प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक होगी। यह प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल की पहली बैठक होगी। नई टीम के गठन के बाद संगठन की रणनीति पर मंथन होगा। 2028 मिशन और संगठन विस्तार को लेकर आगे की रूपरेखा बनेगी। भाजपा ओरछा से संगठन को नई दिशा देने की तैयारी में है।
संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश
भाजपा नेतृत्व ने कार्यसमिति गठन में क्षेत्रीय, सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन बनाने का प्रयास किया है। नई टीम के माध्यम से पार्टी आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना चाहती है। फिलहाल कार्यसमिति की घोषणा के बाद भाजपा के भीतर और बाहर इसकी राजनीतिक व्याख्या जारी है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि नई टीम संगठन और सरकार के बीच किस तरह की भूमिका निभाती है।