हाईकोर्ट की कार्रवाई का किया स्वागत, सरकार पर साधा निशाना

भोपाल। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर हाईकोर्ट की सख्त कार्रवाई का स्वागत किया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार पिछले नौ वर्षों से प्रदेश के युवाओं की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अदालत के रुख के कारण अब उसे बैकफुट पर आना पड़ा है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में नौ साल से चुनाव नहीं कराए गए। इस दौरान हर साल छात्रों से नियमानुसार चुनाव शुल्क तो वसूला गया, लेकिन उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनने के अधिकार से पूरी तरह वंचित रखा गया। जब इस मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया, तब जाकर सरकार को सितंबर महीने में छात्रसंघ चुनाव कराने का आश्वासन अदालत के समक्ष देना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं की आवाज़ से डरती है, इसीलिए लोकतंत्र की पहली पाठशाला माने जाने वाले छात्र संघों को जानबूझकर कमजोर करने का प्रयास किया गया।
जेन ज़ी अपने अधिकारों के प्रति सजग
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में अधिकार किसी सरकार की कृपा से नहीं, बल्कि संविधान से मिलते हैं। आज की नई पीढ़ी (जेन ज़ी) अपने अधिकारों के प्रति बेहद जागरूक है और वह अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय पर पारदर्शी तरीके से छात्रसंघ चुनाव कराना अब सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
 


Leave Comments

Top