रांची में छात्रों पर बर्बरता पर मौन क्यों हैं राहुल गांधी: हेमंत खंडेलवाल

राहुल को छात्रों के हित से नहीं, अपने राजनीतिक स्वार्थ से मतलब
भोपाल। झारखंड में कांग्रेस समर्थित जेएमएम सरकार द्वारा छात्रों पर की गई कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेता हेमंत खंडेलवाल ने राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित मीडिया चर्चा के दौरान कहा कि हाल ही में रांची में छात्र-छात्राओं के साथ हुआ बर्बर व्यवहार चिंताजनक है।
खंडेलवाल ने सवाल उठाया कि दिल्ली में छात्रों के मुद्दों पर राजनीति करने और बयानबाजी करने वाले राहुल गांधी रांची की घटना पर आखिर मौन क्यों साधे हुए हैं? उन्होंने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस चुप्पी से यह साफ हो गया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को छात्रों के वास्तविक हितों और भविष्य से कोई सरोकार नहीं है, बल्कि वे सिर्फ अपने राजनीतिक स्वार्थ सिद्ध करने में लगे हैं। संसद में जारी गतिरोध पर बात करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी ने सदन में पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, जिस पर केंद्र सरकार पूरी तरह तैयार है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी सदन में विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तत्पर हैं। इसके बावजूद विपक्ष लगातार हंगामा करके सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष को यह तय करना होगा कि उन्हें छात्रों के विषय पर गंभीरता से चर्चा करनी है या केवल हंगामा करके अपनी राजनीति चमकानी है। अगर राहुल गांधी में साहस है, तो वे सदन में आकर गृह मंत्री का जवाब सुनें और देश को बताएं कि वे चर्चा से क्यों भाग रहे हैं।
छात्रों से चर्चा के बाद छात्रसंघ चुनाव प्रणाली पर फैसला
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में सितंबर में छात्रसंघ चुनाव होना है, चुनाव की प्रणाली तय होना शेष है। सरकार इस संबंध में जल्द छात्र संगठनों से चर्चा करेगी। छात्र संगठनों से चर्चा कर चुनाव की प्रणाली पर फैसला लिया जाएगा। आपको बता दें कि प्रदेश में आखिरी बार चुनाव 2017 में हुए थे। हाईकोर्ट ने सितंबर में चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट के आदेश के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने चुनाव कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रमुख छात्र संगठन एबीवीपी और एनएसयूआई ने चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की है।
 


Leave Comments

Top