मुख्यमंत्री की यूएई यात्रा पर, रोजगार और कृषि-निर्यात का नया अध्याय
भोपाल। प्रदेश को देश का अग्रणी और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में एक बड़ा वैश्विक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 से 9 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रवास पर रहेंगे। दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित होने वाले दुनिया के सबसे बड़े निवेश मंचों में से एक एआईएम कांग्रेस-2026 में मुख्यमंत्री राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश में भारी-भरकम वैश्विक निवेश आकर्षित करना, पर्यटन व रोजगार के अवसरों को गति देना और आगामी ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आमंत्रित करना है।
दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के संरक्षण में आयोजित इस तीन दिवसीय महाकुंभ में 180 से अधिक देशों के लगभग 20,000 प्रतिनिधियों, कई राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों और वैश्विक सोवरिन वेल्थ फंड्स के हिस्सा लेने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यह यात्रा एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष एवं यूएई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के विशेष आमंत्रण पर कर रहे हैं। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री आमंत्रण-आधारित एक्सक्लूसिव ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जिसमें दुनिया के करीब 500 प्रमुख फैमिली ऑफिस और बड़े कारोबारी शामिल होंगे। इसके अलावा वे डीपी वर्ल्ड, वीएफएस ग्लोबल, एम्मार, चोयथराम और शराफ ग्रुप जैसी शीर्ष अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रमुखों के साथ एक-से-एक बैठकें करेंगे।
किसानों के लिए सुनहरा अवसर
इस यात्रा का एक बेहद महत्वपूर्ण पहलू कृषि व खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश और निर्यात की संभावनाएं तलाशना है। उल्लेखनीय है कि यूएई अपनी खाद्य आवश्यकताओं का 85 प्रतिशत से अधिक हिस्सा आयात करता है। वर्ष 2024 में यूएई का खाद्य आयात 16.2 अरब डॉलर तक पहुँच गया। वहाँ की 89 प्रतिशत प्रवासी आबादी में बड़ी संख्या में भारतीय हैं, जिससे भारतीय खाद्यान्न, दालों और प्रोसेस्ड फूड की माँग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
कृषि-निर्यात को दुबई के बाज़ार से जोड़ने का अवसर
आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, मध्य प्रदेश दालों के उत्पादन में देश में प्रथम, अनाज में दूसरे (13.04 फीसदी), मक्का में प्रथम और गेहूं उत्पादन में देश में दूसरे (20.78 फीसदी) स्थान पर है। देश का लगभग 60 फीसदी सोयाबीन अकेले मध्य प्रदेश में पैदा होता है। यात्रा के दौरान लूलू ग्रुप के चेयरमैन यूसुफ अली एम.ए. के साथ प्रस्तावित बैठक राज्य के कृषि-निर्यात को सीधे दुबई के बाज़ार से जोड़ने की दिशा में निर्णायक साबित होगी। इससे मध्य प्रदेश के लाखों किसानों को उनकी उपज के बेहतर दाम मिलेंगे और राज्य में कोल्ड चेन, ग्रेडिंग तथा फूड प्रोसेसिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आएगा।
स्मार्ट शहरों के विकास और एफडीआई के नए रास्ते
शहरी विकास और रियल एस्टेट के क्षेत्र में दुबई दुनिया का एक प्रमुख केंद्र है। मुख्यमंत्री के दौरे में बुर्ज खलीफा के अवलोकन के साथ-साथ प्रसिद्ध रियल एस्टेट कंपनी एम्मार के शीर्ष नेतृत्व के साथ विशेष बैठक शामिल है। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे मध्य प्रदेश के तेज़ी से बढ़ते मेट्रो शहरों को आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट टाउनशिप और वाणिज्यिक निवेश की सख्त आवश्यकता है। इस यात्रा से इन शहरों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के नए रास्ते खुलेंगे