टूर्नामेंट फाइनल में भारत-श्रीलंका का रिकॉर्ड
भारत और श्रीलंका की महिला टीमें पिछले कुछ वर्षों में कई बड़े टूर्नामेंट फाइनल में आमने-सामने आई हैं। इनमें भारत ने चार फाइनल जीते हैं, जबकि श्रीलंका को एक जीत मिली है। 2026 में भारत और श्रीलंका के बीच दो बड़े टूर्नामेंट फाइनल हुए और दोनों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की। पहले महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराया। इसके बाद एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक मुकाबले में भारत ने 147 रन की और भी बड़ी जीत दर्ज की।
| साल | टूर्नामेंट | नतीजा | जीत का अंतर |
|---|---|---|---|
| 2022 | एशिया कप फाइनल | भारत जीता | 8 विकेट |
| 2023 | एशियन गेम्स फाइनल | भारत जीता | 19 रन |
| 2024 | एशिया कप फाइनल | श्रीलंका जीता | 8 विकेट |
| 2026 | एशिया कप फाइनल | भारत जीता | 72 रन |
| 2026 | एशियन गेम्स फाइनल | भारत जीता | 147 |
श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में स्मृति मंधाना ने 79 रन की शानदार पारी खेली। श्रीलंका की पूरी टीम 69 रन पर सिमट गई। यानी मंधाना ने अकेले ही श्रीलंका की पूरी टीम से 10 रन ज्यादा बनाए। यह पहली बार नहीं है जब भारत की किसी महिला बल्लेबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में अकेले विपक्षी टीम के कुल स्कोर से ज्यादा रन बनाए हों। 2014 से अब तक भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा छह बार किया है। इसमें स्मृति मंधाना का 2026 में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 124 रन का तूफानी शतक और शेफाली वर्मा का बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 100 रन भी शामिल है।
भारतीय बल्लेबाज बनाम विपक्षी टीम का पूरा स्कोर
| साल | भारतीय बल्लेबाज | पारी | विपक्षी टीम का स्कोर | स्थान |
|---|---|---|---|---|
| 2014 | हरमनप्रीत कौर | 77 | बांग्लादेश 72/8 | सिलहट |
| 2018 | मिताली राज, हरमनप्रीत कौर | 97*, 32 | मलयेशिया 27 | कुआलालंपुर |
| 2022 | जेमिमा रोड्रिग्स | 75* | यूएई 74/4 | सिलहट |
| 2026 | स्मृति मंधाना | 124 | हांगकांग 56 | दुबई |
| 2026 | शेफाली वर्मा | 100* | बांग्लादेश 81 | निसिन |
| 2026 | स्मृति मंधाना | 79 | श्रीलंका 69 | निसिन |
नोट: इसमें ओवर कम किए गए मुकाबलों को शामिल नहीं किया गया है।
मंधाना और शेफाली ने 2026 में दो बार किया कमाल
2026 में ही यह रिकॉर्ड तीन बार देखने को मिला। पहले स्मृति मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 124 रन बनाए, जबकि हांगकांग की टीम 56 रन ही बना सकी। इसके बाद शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 100 रन बनाए और विपक्षी टीम 81 रन तक पहुंच सकी। अब एशियन गेम्स फाइनल में मंधाना ने श्रीलंका के 69 रन के जवाब में 79 रन बनाए। यानी एक बार फिर भारतीय बल्लेबाज का व्यक्तिगत स्कोर विपक्षी टीम के पूरे स्कोर से ज्यादा रहा।
भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ी जीत
श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स फाइनल में भारत ने 147 रन से जीत दर्ज की। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय महिला टीम की सबसे बड़ी जीत है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216/3 का स्कोर बनाया और श्रीलंका को 69 रन पर समेट दिया। इस तरह जीत का अंतर 147 रन रहा। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत 142 रन की थी, जो उसने 2018 एशिया कप में मलयेशिया के खिलाफ दर्ज की थी। श्रीलंका के खिलाफ 147 रन की जीत ने इस रिकॉर्ड को पांच रन से बेहतर कर दिया।
भारत की सबसे बड़ी टी20 अंतरराष्ट्रीय जीत
| जीत का अंतर | विपक्षी टीम | स्थान | टूर्नामेंट/साल |
|---|---|---|---|
| 147 रन | श्रीलंका | निसिन | एशियन गेम्स 2026 |
| 142 रन | मलयेशिया | कुआलालंपुर | एशिया कप 2018 |
| 137 रन | हॉन्गकॉन्ग | दुबई | एशिया कप 2026 |
| 114 रन | बांग्लादेश | निसिन | एशियन गेम्स 2026 |
| 104 रन | यूएई | सिलहट | एशिया कप 2022 |
| 100 रन | बारबाडोस महिला | — | कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 |