मध्यप्रदेश: राहुल का 13 दिन में कल दूसरी बार एमपी दौरा, बालाघाट में मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से मिलेंगे

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Anand Pawar Updated Wed, 30 Sep 2026 10:02 PM IST

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 13 दिन के भीतर दूसरी बार मध्यप्रदेश पहुंचेंगे। एक अक्तूबर को बालाघाट के जागला गांव में वे मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर प्रभावित क्षेत्र के हालात जानेंगे

विस्तार

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 13 दिन के भीतर मध्य प्रदेश में दूसरा दौरा गुरुवार को होगा। 19 सितंबर को उन्होंने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया था और अब एक अक्टूबर को वे बालाघाट के बैहर क्षेत्र पहुंचेंगे। यहां वे मृत 30 से ज्यादा आदिवासी बच्चों के परिजनों से मिलेंगे और जमीनी हालात का जायजा लेंगे। राहुल गांधी के यात्रा कार्यक्रम के मुताबिक वे एक अक्तूबर को सुबह दिल्ली से रवाना होकर करीब 11:45 बजे गोंदिया पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से बालाघाट के जागला गांव के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 2:15 बजे जागला पहुंचकर वे मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। यहां करीब 45 मिनट रुकने के बाद उनके गोंदिया लौटने का कार्यक्रम बताया गया है।
कुपोषण व मलेरिया से हुई बच्चों की मौतें
जागला गांव का दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां राहुल गांधी कुपोषण और मलेरिया समेत स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बीच जान गंवाने वाले 30 से ज्यादा बैगा आदिवासी बच्चों के परिवारों से सीधे संवाद करेंगे। प्रभावित इलाकों में बच्चों की मौत को लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण, पेयजल और समय पर इलाज जैसे मुद्दे पहले से चर्चा में हैं। हालांकि, बच्चों की मौत को किसी एक कारण से जोड़ना उचित नहीं होगा, क्योंकि उपलब्ध रिपोर्टों में मलेरिया, खसरा, एनीमिया और निमोनिया समेत कई स्वास्थ्य कारणों का उल्लेख हुआ है। 
इंदौर में किया था छात्रों से संवाद
19 सितंबर को इंदौर दौरे के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया था। अब करीब दो सप्ताह के भीतर उनका दूसरा मध्य प्रदेश दौरा हो रहा है। इस बार फोकस प्रदेश के आदिवासी अंचल और प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत पर है। कांग्रेस इस दौरे के जरिए आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं और बच्चों की मौत का मुद्दा उठा रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके की स्थिति को समझेंगे। दूसरी ओर, राज्य सरकार प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, जांच, उपचार और निगरानी के लिए उठाए गए कदमों को सामने रख रही है।

Leave Comments

Top