संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से इस्राइल जाने वाले एक विमान में बुधवार को बड़ा हादसा यात्रियों की बहादुरी से रोक लिया गया। दरअसल, हुआ कुछ यूं कि सुबह उड़ान भरने के कुछ ही घंटों बाद फ्लाइट की तरफ से हाईजैकिंग का सिग्नल भेजा गया। जब यह सिग्नल आए तब विमान में काफी हलचल मच चुकी थी और यह अचानक आधी ऊंचाई खो चुका था। इसके बाद इस्राइली वायुसेना ने अपने लड़ाकू विमानों को तैनात कर दिया। इस हाईजैकिंग अलर्ट के कुछ ही मिनटों बाद विमान की सऊदी अरब में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
दुबई-तेल अवीव फ्लाइट को लेकर अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कहीं इस घटना को महज दो पायलटों की भिड़ंत बताया गया है तो कहीं इसके पीछे एक पायलट की ओर से विमान को क्रैश कराने की साजिश कहा जा रहा है। इतना ही नहीं कुछ रिपोर्ट्स में पायलटों को ओमान और अमीरात का बताया गया है तो कुछ जगहों पर इनकी पहचान रूस और यूक्रेन के पायलट के तौर पर की गई है।