भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार द्वारा लगभग 575 करोड़ रुपये की लागत से नए जेट विमान और हेलीकॉप्टर की खरीदी पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने इसे जनता के धन की फिजूलखर्ची करार देते हुए सरकार से खरीद प्रक्रिया, प्रारंभिक और अंतिम लागत तथा इंटीरियर पर हुए खर्च का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की मांग की है।
कांग्रेस का आरोप है कि एक ओर जहां सरकार पर भारी कर्ज का बोझ है और सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला समूहों के मानदेय तथा ठेकेदारों के भुगतान लंबित हैं, वहीं दूसरी ओर विलासिता पर पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है। नायक ने सतना और मैहर की नल-जल योजना (लगभग 3200 करोड़ रुपये) में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि भारी राशि निकालने के बावजूद गांवों तक पानी नहीं पहुंचा है। इसके अलावा, विमान खरीदी में कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये के कमीशन और लागत में आए भारी अंतर की पारदर्शी जांच की मांग की गई है। कांग्रेस ने दो टूक कहा है कि जनता के टैक्स का पैसा वीआईपी शौक के बजाय राज्य की बुनियादी समस्याओं, कुपोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी प्राथमिकताओं पर खर्च होना चाहिए।