देवी अहिल्या की 300वीं जयंती पर भाजपा का सुशासन अभियान

भोपाल। होलकर वंश की महान शासिका रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती को विशेष रूप से स्मरणीय बनाने के लिए भाजपा 21 से 31 मई तक पूरे मध्यप्रदेश में विशेष अभियान चलाएगी। इस अभियान के जरिए पार्टी न सिर्फ अहिल्याबाई की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक विरासत को जनता के बीच प्रस्तुत करेगी, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों को भी उजागर करेगी।
यह जानकारी आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा मीडिया से चर्चा करते हुए दी। उन्होंने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व और उनके राज्य शासन की व्यवस्था, सुशासन, महिला सशक्तिकरण और 300 वर्ष पूर्व उन्होंने जो कार्य किए हैं, उन सभी विषयों को लेकर भाजपा 31 मई को उनकी जयंती देश भर के साथ मध्यप्रदेश में भी मनाएगी। इसको लेकर राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में कार्यशाला संपन्न हो चुकी है। आज भोपाल में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। शर्मा ने बताया कि  देवी अहिल्याबाई होल्कर के कृतित्व व व्यक्तित्व को भाजपा इन 10 दिनों में जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। भाजपा 21 मई से प्रदेश के सभी जिलों में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। विश्वविद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों में उनके समाज, महिला, संस्कृति, देश और धर्म को लेकर जो कार्य किए हैं, उन सभी विषयों पर चर्चा की जाएगी। उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण को लेकर किए गए कार्यों को बताने निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के साथ भाजपा जिलों में कार्यक्रम आयोजित करेगी।
इंदौर में 31 मई को होगा समापन
उन्होंने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी हुई विरासत को नाट्य प्रस्तुतियां, प्रदर्शिनियों व अन्य कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचाया जाएगा। 31 मई को इंदौर में एक बड़े आयोजन के साथ इस अभियान का समापन संभावित है।देवी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में विधवा विवाह की प्रथा को शुरूआत की थी। उस समय होल्कर की सेना में लगे सैनिकों की विधवाओं को रोजगार के लिए महेश्वर साड़ी जैसे रोजगार की व्यवस्था की थी। आज हमारी सरकारें उसी तरह महिलाओं के स्वरोजगार के लिए कई अभियान चला रही हैं।

Leave Comments

Top