प्रदेश में फिल्म आर्टिकल 370 टैक्स फ्री

भोपाल। प्रदेश सरकार ने फिल्म आर्टिकल 370 को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि प्रदेश के नागरिक आर्टिकल 370 की कड़वी हकीकत को जान सकें। इसके लिए हमनें फिल्म आर्टिकल 370 को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 के कलंक को हटा कर जम्मू-कश्मीर में विकास की अपार संभावनाओं के द्वार खोले हैं। यह फिल्म जम्मू-कश्मीर की पहले और अब की परिस्थितियों को करीब से समझने का अवसर देती है। उन्होंने प्रदेश की जनता से यह अपील भी कि वे फिल्म देखें। दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ यादव गुरुवार शाम को इंदौर प्रवास पर पहुंचे थे। भाजपा जिलाध्यक्ष चिंटू वर्मा ने बताया कि गुरुवार को इंदौर विमानतल पर मुख्यमंत्री से इस फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह किया गया था। मुख्यमंत्री ने इस पर सहमति जताते हुए तुरंत अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दे दिए थे।
कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने पर बनी फिल्म
कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने पर बनी फिल्म आर्टिकल 370 में यामी गौतम का एक्शन अवतार काफी पसंद किया जा रहा है। फिल्म में कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने से पहले और उसके बाद के दौर को दिखाया गया है। फिल्म का निर्देशन आदित्य जंभाले ने किया है। फिल्म में यामी गौतम मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अरुण गोविल प्रधानमंत्री की भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही प्रियामणि, वैभव तत्ववादी, किरण करमाकर और राज जुत्शी सपोर्टिंग रोल में नजर आ रहे हैं।

Leave Comments

Top