NEET Exam Live Updates: नीट री-एग्जाम के लिए देशभर में तैयारियां पूरी, 22.79 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल

एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला Published by: Akash Kumar Updated Sat, 20 Jun 2026 10:34 PM IST

NEET Exam Live Updates: नीट यूजी पुनर्परीक्षा कल आयोजित होगी। 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और शाम 5:15 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और एडमिट कार्ड में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें। NTA ने परीक्षा समय, एंट्री नियम और अन्य जरूरी निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा से जुड़ी हर बड़ी अपडेट, गाइडलाइन और ताजा जानकारी यहां पढ़ें...
 

NEET Re-Exam 2026 Live Updates: 22.79 Lakhs Candidates Will Appear, Check Latest Update, NTA Guidelines

NEET UG Re-Exam 2026 Live Updates - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

लाइव अपडेट

10:34 PM, 20-Jun-2026

परीक्षा की अवधि बढ़ाई गई

अब तक नीट यूजी परीक्षा के लिए कुल 180 मिनट का समय दिया जाता था, लेकिन इस वर्ष परीक्षा की कुल अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इस अतिरिक्त समय में उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर, परीक्षा कक्ष की औपचारिकताएं और अन्य निगरानी संबंधी प्रक्रियाएं भी शामिल हैं।

08:43 PM, 20-Jun-2026

कितने बजे तक पहुंचना है केंद्र?

परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होती है, लेकिन परीक्षा केंद्र पर एंट्री काफी पहले शुरू हो जाती है। समय का पूरा शेड्यूल नीचे दी गई तालिका में देख सकते हैं:
 
विवरण समय
रिपोर्टिंग का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
गेट बंद होने का समय दोपहर 1:30 बजे (इसके बाद किसी को एंट्री नहीं मिलेगी)
परीक्षा का समय
  • दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 तक (कुल 3 घंटे 15 मिनट)
  • दिव्यांग उम्मीदवारों को शाम 6.20 बजे तक का समय मिलेगा
08:41 PM, 20-Jun-2026

ग्राफिक पर क्लिक कर पूरी खबर पढ़ें:

एनटीए ने इस बार ड्रेस कोड, टाइमिंग और जरूरी डॉक्युमेंट्स को लेकर बेहद सख्त नियम जारी किए हैं। परीक्षार्थी ग्राफिक पर क्लिक करके जान सकते हैं कि परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाना है, क्या पहनना है, कौन-सी चीजें प्रतिबंधित हैं और एंट्री से जुड़े जरूरी नियम क्या हैं?

08:31 PM, 20-Jun-2026

गौतमबुद्धनगर में 23 परीक्षा केंद्र

गौतमबुद्धनगर जिले में री-नीट परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10822 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सेंटर सुपरिटेंडेंट की नियुक्ति कर दी गई है और उन्हें परीक्षा संचालन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। 
08:30 PM, 20-Jun-2026

बिहार में परीक्षार्थियों को मुफ्त बस सेवा

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम नीट परीक्षार्थियों को मुफ्त में सफर करने की सुविधा दे रहा है। परीक्षार्थियों को बस कंडक्टर को अपने प्रवेश पत्र की एक फोटोकॉपी देनी होगी, जिसके बदले उन्हें शून्य रुपए का टिकट जारी किया जाएगा। यह छूट निगम की सभी एसी, नॉन-एसी, डीलक्स, इलेक्ट्रिक और पिंक बसों में लागू होंगी। परीक्षार्थी के साथ यात्रा करने वाले परिजनों को सामान्य किराया देना होगा।
08:28 PM, 20-Jun-2026

बिहार के 35 शहरों में 331 केंद्र

नीट को लेकर बिहार में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को राज्य के 35 शहरों में बनाए गए 331 केंद्रों पर 1,56,061 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे, जिसमें 81,165 छात्र और 74,896 छात्राएं हैं। राजधानी पटना में के 95 केंद्रों पर परीक्षाएं होनी हैं, जिसमें लगभग 46 हजार छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। 
08:26 PM, 20-Jun-2026

गांधीनगर में पांच परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा

राजधानी गांधीनगर में पांच परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,597 अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। यहां स्थानीय पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और शैक्षणिक पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। वहीं वडोदरा में 17 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा से पहले मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें पुलिस, NTA और अन्य संबंधित एजेंसियों ने भाग लिया।
08:24 PM, 20-Jun-2026

गुजरात में भी तैयारियां पूरी

गुजरात के अहमदाबाद में 23 परीक्षा केंद्रों पर करीब 10,445 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी तैनात की गई हैं। अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अभ्यर्थियों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए छह डीसीपी, 15 थाना क्षेत्रों की पुलिस और 14 थानों का ट्रैफिक स्टाफ ड्यूटी पर रहेगा।

इसके अलावा आठ ड्रोन के जरिए परीक्षा केंद्रों के आसपास हवाई निगरानी की जाएगी। साइबर क्राइम शाखा और सोशल मीडिया सेल भी अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और किसी भी तरह की गलत गतिविधि पर नजर रखेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास मौजूद फोटोकॉपी की दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
08:22 PM, 20-Jun-2026

तमिनलाडु में 307 परीक्षा केंद्र

तमिनलाडु के 31 जिलों में कुल 307 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें अकेले चेन्नई में 43 केंद्र शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रश्न पत्रों को भारतीय वायुसेना (IAF) की मदद से मदुरै और तिरुनेलवेली जैसे केंद्रीकृत केंद्रों तक पहुंचाया गया है। वहां से पुलिस निगरानी में इन्हें स्थानीय परीक्षा केंद्रों तक भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार सभी केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जबकि जिला कलेक्टरों ने भी सुरक्षा और निगरानी संबंधी इंतजामों का निरीक्षण किया है।
08:20 PM, 20-Jun-2026

तमिलनाडु में 1.4 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

तमिलनाडु में रविवार को होने वाली NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य के 1.4 लाख से अधिक मेडिकल अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। राज्य के 31 जिलों में कुल 307 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें अकेले चेन्नई में 43 केंद्र शामिल हैं। देशभर में इस वर्ष 22 लाख से अधिक छात्र परीक्षा में बैठेंगे, जबकि तमिलनाडु सबसे अधिक आवेदकों वाले राज्यों में बना हुआ है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की डिजिटल फिंगरप्रिंट और फेस रिकग्निशन सहित सख्त बायोमेट्रिक जांच की जाएगी।

Leave Comments

Top