'भारत और सेशेल्स अहम साझेदार': पीएम मोदी बोले- हिंद महासागर हमारा साझा घर; जानें संसद में और क्या कहा

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, विक्टोरिया Published by: Devesh Tripathi Updated Sun, 28 Jun 2026 04:46 PM IST

पीएम मोदी का सेशेल्स दौरा दोनों देशों के 50 साल के मजबूत रिश्तों को एक नई ऊंचाई पर ले गया है। दोनों देशों ने रक्षा, यूपीआई डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष और स्वास्थ्य सहित 19 क्षेत्रों में ऐतिहासिक समझौते किए हैं। भारत ने सेशेल्स को सैन्य वाहन, चिकित्सा उपकरण और बुनियादी ढांचा सामग्री उपहार में देकर हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी रणनीतिक और विकास साझेदारी को और मजबूत किया है।

pm modi seychelles visit Parliament Address Indian Ocean mahasagar vision maritime security global south

पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स की संसद को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, "इस राष्ट्रीय सभा को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में आपके समक्ष खड़ा होना मेरे लिए विशेष सम्मान की बात है। मैं भारत की 1.4 अरब जनता की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई लेकर आया हूं।''
पीएम मोदी ने कहा, ''प्रधानमंत्री के रूप में मैंने हिंद महासागर क्षेत्र में जिस पहले देश का दौरा किया, वह 2015 में सेशेल्स था। मैं यहां इसलिए आया था क्योंकि मेरा मानना है कि हिंद महासागर के लिए भारत की परिकल्पना में सेशेल्स का एक विशेष स्थान है। एक दशक बाद यहां लौटकर मेरा यह विश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत है। आपकी स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने के इस उत्सव में शामिल होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।"
पीएम मोदी ने सेशेल्स से भारत के संबंधों को लेकर क्या कहा?
सेशेल्स की संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "हमारी मित्रता 50 साल पहले हमारे राजनयिक संबंधों की स्थापना के साथ शुरू नहीं हुई थी। इसकी शुरुआत बहुत पहले अगस्त 1770 में हुई थी। सेंट ऐनी द्वीप पर थेलेमाक नामक जहाज से पहुंचने वालों में पांच भारतीय भी थे। उस यात्रा ने कई और लोगों के लिए मार्ग प्रशस्त किया। समय के साथ, उनकी कहानियां आधुनिक सेशेल्स के इतिहास का हिस्सा बन गईं।"
उन्होंने कहा, "यह हमें याद दिलाता है कि हमारे बीच के संबंध सरकार द्वारा नहीं बनाए गए थे। इन्हें लोगों ने गढ़ा, परिवारों ने पोषित किया और पीढ़ियों ने कायम रखा। हिंद महासागर ने इसे संभव बनाया। हिंद महासागर भारत और सेशेल्स को अलग नहीं करता, बल्कि हमें जोड़ता है। इसीलिए हम अजनबियों की तरह नहीं, बल्कि पुराने दोस्तों की तरह मिलते हैं।" 
हिंद महासागर के महत्व पर क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि हिंद महासागर एक बाधा नहीं, बल्कि एक पुल है जो दोनों देशों को पुराने दोस्तों के रूप में जोड़ता है। उन्होंने कहा, "हिंद महासागर भारत और सेशेल्स को अलग नहीं करता, यह हमें जोड़ता है। इसीलिए हम अजनबियों के रूप में नहीं, बल्कि पुराने दोस्तों के रूप में मिलते हैं।"
अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सदन को संबोधित करने के निमंत्रण को दुर्लभ विशेषाधिकार बताया। उन्होंने 8वीं राष्ट्रीय असेंबली के नवनिर्वाचित सदस्यों को भी बधाई दी और सदन की पहली महिला अध्यक्ष के चुनाव की विशेष रूप से सराहना की।

Leave Comments

Top