सेवानिवृत्त अधिकारियों को मिलेगा जांच का जिम्मा, 15 तक मांगे आवेदन

भोपाल। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों के खिलाफ जारी अनुशासनात्मक कार्यवाही की विभागीय जांच अब सेवानिवृत्त आईएएस अफसर करेंगे। केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय (डीओपीटी) ने जांच अधिकारियों के पैनल में शामिल होने के लिए रिटायर्ड आईएएस अफसरों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस पैनल के गठन का मुख्य उद्देश्य विभागीय जांच प्रक्रियाओं को निष्पक्ष, त्वरित और पारदर्शी बनाना है। पैनल से जुड़ी मुख्य शर्तें भी तय की गई है, जिसके तहत आवेदन के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही उनका शारीरिक और मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ होना अनिवार्य है। जांच अधिकारियों का यह पैनल 3 साल की अवधि के लिए गठित किया जाएगा। हालांकि, अधिकारियों का बने रहना उनके कार्य प्रदर्शन की नियमित समीक्षा पर निर्भर करेगा। आवेदक की विजिलेंस (सतर्कता) क्लियरेंस साफ होनी चाहिए और उनकी ईमानदारी व निष्ठा पूरी तरह बेदाग होनी आवश्यक है। इच्छुक और योग्य सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी 15 सितंबर तक डीओपीटी को अपना आवेदन भेज सकते हैं।
 


Leave Comments

Top