पुलिस मुख्यालय ने जारी किए निर्देश
भोपाल। प्रदेश में अब पुलिसिया जांच और अदालती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व त्वरित बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब केस डायरी और अन्वेषण से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को डिजिटल रूप में संरक्षित कर अदालतों के समक्ष पेश किया जाएगा।
संवैधानिक न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) भोपाल ने इस नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देश में कहा है कि केस से संबंधित समस्त रिकॉर्ड सीसीटीएनएस और ई-साक्ष्य पोर्टल पर सुरक्षित रखे जाएंगे। अदालत या महाधिवक्ता कार्यालय द्वारा मांग किए जाने पर जांच अधिकारी को डिजिटल रिकॉर्ड का प्रिंटआउट निकालकर भौतिक रूप में भी उपलब्ध कराना होगा। प्रिंटआउट और सॉफ्ट कॉपी पर सीसीटीएनएस पोर्टल से प्रमाणित प्रति अंकित होना अनिवार्य होगा, जिस पर जांच अधिकारी के हस्ताक्षर व सील रहेगी। अभिलेखों की प्रमाणित प्रति को एक सुरक्षित पीडीएफ फाइल के रूप में हार्ड डिस्क में भी स्टोर किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (विधि-1) द्वारा जारी इस आदेश को प्रदेश के सभी थाना प्रभारियों, जांच अधिकारियों और पुलिस इकाइयों को भेजकर कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।