लक्ष्य से 6 हजार मीट्रिक टन कम हुई मूंग की खरीदी, दावा सभी किसानों की मूंग बिकी

अतिरिक्त कोटा मिलने के बाद हुई 5.33 लाख मीट्रिक टन की खरीद
भोपाल। प्रदेश में ग्रीष्मकालीन सीजन 2026 की मूंग खरीद (उपार्जन) प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। केंद्र सरकार द्वारा बढ़ाई गई सीमा के बावजूद राज्य में इस बार कुल स्वीकृत कोटे से 6,072 मीट्रिक टन कम मूंग की खरीदी दर्ज की गई है। सरकार को इस सीजन के लिए कुल 5,39,072 मीट्रिक टन मूंग उपार्जन की मंजूरी मिली थी, जिसके मुकाबले वास्तविक खरीद 5.33 लाख (5,33,000) मीट्रिक टन पर ही सिमट गई।
हालांकि, कृषि विभाग का दावा है कि खरीदी भले ही स्वीकृत आंकड़े तक पूरी तरह न पहुंची हो, लेकिन राज्य के सभी पंजीकृत और इच्छुक किसानों की पूरी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद ली गई है। शुरुआत में केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश के लिए केवल 4,54,580 मीट्रपब टन की स्वीकृति दी थी। किसानों की मांग और पैदावार को देखते हुए 84,492 मीट्रिक टन का अतिरिक्त कोटा मंजूर कराया गया, जिससे राज्य पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ा। लेकिन खरीदी समयसीमा खत्म होने तक अंतिम आंकड़ा स्वीकृत लक्ष्य से थोड़ा नीचे ही रह गया। यदि पिछले साल 2025 से तुलना करें, तो 2025 में स्वीकृत कोटे के मुकाबले लगभग 26.5 हजार मीट्रिक टन कम खरीदी हुई थी। उसकी तुलना में इस वर्ष (2026) में स्वीकृत कोटे और वास्तविक खरीदी का अंतर घटकर केवल 6 हजार मीट्रिक टन रह गया है, जो नीतिगत प्रबंधन में सुधार की ओर इशारा करता है।


आंकड़ों में खरीदी की स्थिति
कुल स्वीकृत कोटा 2026 में 5,39,072 मीट्रिक टन
वास्तविक कुल खरीदी 5,33,000 मीट्रिक टन (लगभग)
लक्ष्य से अंतर - 6,072 मीट्रिक टन

बीते वर्ष की तुलना में आंकड़े
स्वीकृत मात्रा- 2025 में 4,19,692 मीट्रिक टन, 2026 में 5,39,072 मीट्रिक टन
वास्तविक खरीदी- 2025 में 3,93,123.79 मीट्रिक टन, 2026 में 5,33,000.00 मीट्रिक टन
कोटे से अंतर- 2025 में 26,568.21 मीट्रिक टन, 2026 में- 6,072.00 मीट्रिक टन

Leave Comments

Top